शिवसेना विधायक पर होगी FIR : खराब दाल को लेकर कैंटीन संचालक से की थी मारपीट, मुंबई पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
Published:
2 min read

विधायक संजय गायकवाड़ (शिंदे गुट)
मुंबई की आकाशवाणी MLA कैंटीन के संचालक के साथ मारपीट के मामले में शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संजय गायकवाड़ पर केस दर्ज होगा। मुंबई पुलिस ने मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
दरअसल, हाल ही में संजय गायकवाड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वे चर्चगेट स्थित आकाशवाणी MLA कैंटीन संचालक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे। विधायक गायकवाड़ का आरोप था कि उन्होंने कैंटीन से थाली ऑर्डर की थी। लेकिन उन्हें कैंटीन की ओर से खराब दाल दे दी गई। दाल से बदबू आ रही थी और इसे खाकर उन्हें उल्टी हो गई। इसके बाद विधायक गायकवाड़ सीधे कैंटीन पहुंचे और संचालक को दाल सूंघने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने कैंटीन संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की घटना पर संजय गायकवाड़ ने कहा था कि उन्होंने बालासाहेब की सिखाई हुई भाषा में ही कैंटीन संचालक को जवाब दिया था।
CM ने गायकवाड़ पर एक्शन की मांग की
इस घटना की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आलोचना की थी। उन्होंने इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बताया था औऱ स्पीकर से मामले में एक्शन लेने की मांग की थी। उधर, शिवसेना चीफ एकनाथ शिंदे ने घटना को गंभीरता से लिया। उन्होंने विधायक संजय गायकवाड़ की इस व्यवहार को लेकर फटकार भी लगाई।
पुलिस ने लिया स्वत: संज्ञान
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मरीन ड्राइव पुलिस ने इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद स्वत: संज्ञान लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले सीएम फडणवीस ने भी कहा था कि पुलिस को इस मामले में शुरुआती जांच के लिए विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज होने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है।
FDA ने कैंटीन का लाइसेंस किया रद्द
उधर, महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बुधवार शाम को कैंटीन संचालक का लाइसेंस रद्द कर दिया। उन्होंने कहा- निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन पाया गया।

