2006 मुंबई ट्रेन ब्लास्ट: बॉम्बे हाईकोर्ट ने सभी 12 दोषियों को बरी किया; हमले में 189 लोगों की मौत हुई थी
Published:
2 min read

11 जुलाई 2006 को 7 ट्रेनों में हुए ब्लास्ट में 800 से ज्यादा लोग जख्मी हुए थे। (फोटो-AFP)
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई में 2006 में हुए लोकल ट्रेन ब्लास्ट में सभी 12 दोषियों को बरी कर दिया। इनमें से 1 आरोपी की मौत भी हो चुकी है। 2006 में हुए इन हादसों में 189 लोगों की मौत हुई थी। हाईकोर्ट ने कहा, 'अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ मामला साबित करने में पूरी तरह असफल रहा है।'
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मामले में 19 साल बाद फैसला आया है। इस हमले ने मुंबई के वेस्टर्न रेलवे के पूरे नेटवर्क को तबाह कर दिया। इन हमलों में 189 लोगों की मौत हुई थी और 820 लोग जख्मी हुए थे। 2015 में मुंबई की विशेष अदालत ने इन सभी आरोपियों को दोषी ठहराया था और इनमें से 5 को मौत की सजा सुनाई थी।
'आरोपियों ने हमले को अंजाम दिया, यह मानना मुश्किल'
जस्टिस अनिल किलोर और श्याम चंदक की बेंच ने कहा, अभियोजन पक्ष ने जो सबूत पेश किए हैं, वे आरोपियों को दोषी ठहराने के लिए काफी नहीं हैं। कोर्ट ने कहा, यह मानना मुश्किल है कि आरोपियों ने ही इन हमलों को अंजाम दिया। इसलिए इनकी दोषसिद्धि को रद्द किया जाता है।
11 जुलाई को हुए थे 7 ब्लास्ट
11 जुलाई 2006 को शाम 6.23 बजे से 6.28 बजे तक पश्चिमी लाइन पर 7 ट्रेनों में विस्फोट हुए थे। ये ब्लास्ट माटुंगा और मीरा रोड रेलवे स्टेशनों के बीच चलती ट्रेनों में हुए थे। इन ब्लास्ट में 187 लोग मारे गए और 829 घायल हुए। ये ब्लास्ट इतने भीषण थे कि ट्रेन की छत और कोचों को चीरते हुए यात्री बाहर गिर गए थे। माहिम और बोरीबली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार यात्रियों के अलावा चर्चगेट की ओर यात्रा करने के लिए प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्री भी इन ब्लास्ट के चपेट में आ गए थे।
2015 में ये आरोपी ठहराए गए थे दोषी
30 सितंबर 2015 में महाराष्ट्र की स्पेशल (MCOCA) कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाया था। कोर्ट ने 5 दोषियों कमल अहमद, मोहम्मद वकील अंसारी, मोहम्मद फैसल रहमान, कुतबुद्दीन सिद्दीकी, नवीन हुसैन और आसिफ खान को फांसी की सजा सुनाई थी। जबकि 7 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इस मामले में कोर्ट ने एक आरोपी अब्दुल वाहिद को बरी कर दिया था।

