मुंबई में डोसे में मरा चूहा मिला: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर होटल मालिक से 25 लाख मांगे; महिला गिरफ्तार
Published:
2 min read

आरोपी ने होटल मालिक से 25 लाख की डिमांड की। आरोपी को 1 लाख रुपए भी दे दिए थे।
नेशनल डेस्क. मुंबई के बोरीवली स्थित राधाकृष्ण होटल के डोसा में मरे हुए चूहे का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 25 लाख रुपए मांगने के आरोप में महिला को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 28 सितंबर को मृत चूहा मिलने पर FDA ने होटल के लाइसेंस को सस्पेंड कर दिया था। आरोप है कि जिस महिला की प्लेट में मरा हुआ चूहा मिला था, उसने ही होटल मालिक को धमकी देकर 1 लाख रुपए ले लिए।
क्या है पूरी घटना
24 सितंबर को आरोपी मानसी आचार्य नाम की महिला दो व्यक्ति और एक बच्चे के साथ राधाकृष्ण होटल पहुंची थी। इस दौरान उनके मैसूर मसाला डोसा की प्लेट में एक मरा हुआ चूहा मिला। मानसी के अनुसार, उनके भाई ने थोड़ा सा डोसा खाया था कि तभी उन्हें उसके अंदर एक मरा हुआ चूहा मिला। यह देखकर उसे तुरंत उल्टी हो गई। इस घटना के बाद बोरीवली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 25 लाख मांगे
फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने 28 सितंबर को होटल का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। होटल मालिक के अनुसार, इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी भरे कॉल आने लगे। उनके रिश्तेदारों को भी इस घटना से जुड़े कॉल किए गए। आरोपी ने उनसे 25 लाख की डिमांड की। इसके बाद होटल मालिक ने 6 लाख रुपए में सेटलमेंट किया। होटल मालिक ने आरोपी को 1 लाख रुपए भी दे दिए। 29 सितंबर को होटल मालिक ने तंग आकर बोरीवली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
जिसने ऑर्डर किया था, वही आरोपी निकली
बोरीवली पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। उन्होंने आरोपी को बाकी बचे हुए रुपए लेने के लिए बुलाया। जहां, पुलिस ने महिला को जबरन वसूली की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। खुलासा हुआ की ऑर्डर करने वाली महिला और जबरन वसूली करने वाली महिला दोनों एक ही हैं। वह बोरीवली के गोराई की रहने वाली है। उसने केस को बंद करने के नाम पर 25 लाख की मांग की थी।

