ऑपरेशन सिंदूर पर राज्यसभा में चर्चा: जयशंकर बोले- 22 अप्रैल से 16 जून तक मोदी-ट्रम्प के बीच कोई बातचीत ही नहीं हुई
Published:
1 min read

संसद के मानसून सत्र में बुधवार को राज्यसभा में पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हो रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर विपक्ष के सवालों का जवाब दे रहे हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर समापन भाषण दे सकते हैं। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को लोकसभा में इस मुद्दे पर 16 घंटे चर्चा हुई।
'हम किसी भी मध्यस्थता के लिए तैयार नहीं'
विदेश मंत्री जयशंकर ने राज्यसभा में कहा, जब ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ, तो कई देश हमसे संपर्क में थे ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्थिति कितनी गंभीर है और यह कब तक चलेगा। हमने सभी देशों को एक ही संदेश दिया कि हम किसी भी मध्यस्थता के लिए तैयार नहीं हैं। हमारे और पाकिस्तान के बीच कोई भी समझौता केवल द्विपक्षीय होगा और हम पाकिस्तानी हमले का जवाब दे रहे हैं, और देते रहेंगे। अगर यह लड़ाई रुकनी है, तो पाकिस्तान को अपील करनी होगी और यह सिर्फ DGMO के माध्यम से ही होगा।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने दुनिया की सेवा की- विदेश मंत्री
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा, भारत ने बहावलपुर और मुरीदके में आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और ऐसा करके हमने दुनिया की वैश्विक सेवा की है।
एस जयशंकर बोले- कान खोलकर सुन ले विपक्ष
एस जयशंकर ने कहा, 22 अप्रैल से 16 जून तक पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच कोई फोन पर बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा, मैं उनको (विपक्ष) कहना चाहता हूं, वे कान खोल कर सुन लें, पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच ऑपरेशन सिंदूर के दौरान फोन पर कोई बातचीत नहीं हुई।
नेहरू की गलतियों को सुधार रही मोदी सरकार- एस जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि मोदी सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करके नेहरू की नीतियों की गलतियों को सुधारा है।
पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते- एस जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सिंधु जल समझौते पर कहा, जब तक पाकिस्तान आतंकियों को समर्थन देना बंद नहीं करेगा, तब तक जल समझौते को बहाल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।
एस जयशंकर ने पहलगाम आतंकी हमले को 'अस्वीकार्य' बताया। उन्होंने कहा, आतंकियों ने रेड लाइन क्रॉस कर दी, ऐसे में जवाबदेही और न्याय की तत्काल जरूरत थी।
बिहार SIR पर फिर हंगामा, 12 बजे तक राज्यसभा स्थगित
संसद में बिहार वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी है। कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी के नेतृत्व में तमाम विपक्षी सांसदों ने बिहार SIR के खिलाफ लगातार 7वें दिन विरोध प्रदर्शन किया और इसे वापस लेने की मांग की। हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित हो गई।
कांग्रेस अध्यक्ष बोले- दाल में कुछ काला है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, मैंने कल ही कहा था कि मेरा भाषण समाप्त होने तक अमेरिका के राष्ट्रपति 30वीं बार वॉर रुकवाने की बात कह देंगे। ट्रम्प बोलते रहे, लेकिन नरेंद्र मोदी में हिम्मत नहीं है कि वो कह दें- ट्रम्प झूठ बोल रहे हैं। इनकी कुछ कमजोरियां हैं, इसलिए ये बोलते नहीं हैं। हमारी नीति है कि हम किसी भी तीसरे देश की मध्यस्थता स्वीकार नहीं करते हैं। नरेंद्र मोदी ने 2 घंटे के भाषण में ट्रम्प का नाम नहीं लिया, ये देश की छवि को खराब कर रहे हैं।
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके तहत 6-7 मई को भारत ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा था। लोकसभा में इस पर सोमवार और मंगलवार को चर्चा हुई। जबकि राज्यसभा में चर्चा की शुरुआत मंगलवार को हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में मंगलवार को कहा, सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह कर पहलगाम हमले का जवाब सिर्फ 22 मिनट में दे दिया।

