मानसून सत्र से पहले विपक्ष की बैठक आज: AAP ने 'INDIA' अलायंस छोड़ा, कांग्रेस बोली- केजरीवाल BJP की मदद करेंगे, आप का जन्म भाजपा-RSS की वजह से हुआ
Published:
2 min read

लोकसभा चुनाव से पहले 2023 में 26 विपक्षी पार्टियों ने बीजेपी का मुकाबला करने के लिए 'INDIA' गठबंधन बनाया था।
21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले शनिवार को 'INDIA' गठबंधन की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में विपक्षी पार्टियां मानसून सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा करेंगी औऱ केंद्र को घेरने की योजना बनाएंगी। यह बैठक वर्चुअली होगी। खास बात ये है कि ये बैठक ऐसे वक्त पर हो रही है, जब एक दिन पहले ही आम आदमी पार्टी ने INDIA अलायंस से बाहर निकलने का ऐलान किया है।
माना जा रहा है कि बैठक में बिहार के वोटर लिस्ट संशोधन को सदन में जोर-शोर से उठाने पर चर्चा होगी। इसके अलावा विपक्षी पार्टियां पहलगाम हमला और इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने के दावे पर मोदी सरकार को घेरने की योजना बनाएंगी।
AAP बोली- गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक था
आम आदमी पार्टी ने बैठक से एक दिन पहले ही INDIA अलायंस से नाता तोड़ लिया। आप का आरोप है कि गठबंधन एकजुट रहने और अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने में असफल रहा है। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, AAP ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है कि लोकसभा चुनाव तक ही यह गठबंधन था। संसद का जहां तक सवाल है तो आम आदमी पार्टी सरकार की गलत नीतियों का मुखरता से विरोध करती रही है, आगे भी करेगी। अभी हमारे लिए दिल्ली से यूपी-बिहार, पूर्वांचल के लोगों को जिस तरह से उजाड़ा गया है, बड़ा मुद्दा है। इसे हम संसद में उठाएंगे। इसके अलावा यूपी में स्कूलों को बंद करने का मुद्दा उठाएंगे।
कांग्रेस बोलेगी- बीजेपी की मदद करेगी AAP
कांग्रेस नेता उदित राज ने गठबंधन से नाता तोड़ने पर आप मुखिया अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा, बीजेपी और आरएसएस की वजह से ही AAP पार्टी बनी। AAP की विचारधारा बीजेपी और आरएसएस की है। केजरीवाल दलित विरोधी हैं और सामाजिक न्याय के खिलाफ हैं। हमारी विचारधारा अलग-अलग है। हम संविधान बचाने के लिए साथ आए थे। अब उन पर निर्भर करता है कि वे गठबंधन छोड़ेंगे या नहीं। हो सकता है कि वे फिर से बीजेपी की बाहर से मदद करें, या हो सकता है कि वे इंडिया गठबंधन में फिर से शामिल हो जाएं। हालांकि, AAP के बाहर निकलने का ये मतलब नहीं है कि INDIA गठबंधन कमजोर हो गया है।

