मोदी की NDA कोर ग्रुप के साथ हाई लेवल मीटिंग: नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म्स और आर्थिक सुधारों पर हुई बात; PM बोले- लोगों की जिंदगी आसान बनाना हमारा लक्ष्य
Published:
2 min read

PM मोदी ने सोमवार शाम एक हाई लेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में NDA कोर ग्रुप के लीडर मौजूद थे। बैठक में नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म्स के रोडमैप पर बात की गई।
बैठक का मुख्य मकसद यह भी था कि देश के सभी क्षेत्रों में रिफॉर्म्स की रफ्तार में तेजी आए। ताकि, इज ऑफ लिविंग यानी लोगों का जीवन आसान बनाया जा सके। साथ ही, बिजनेस करना आसान हो सके। जानकार बताते हैं कि इस मीटिंग में ट्रम्प के टैरिफ से निपटने पर भी बात हुई।
मीटिंग में NDA कोर ग्रुप के मेंबर शामिल
PM के साथ इस मीटिंग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा अलग-अलग मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और देश के जाने-माने अर्थशास्त्री भी इस मीटिंग में शामिल हुए।

PM ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
PM मोदी ने इस मीटिंग के बारे में सोशल मीडिया पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा- नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म का रोडमैप तय करने के लिए मीटिंग की अध्यक्षता की। हम चाहते हैं कि देश में सभी सेक्टर्स में सुधार हो, ताकि नागरिकों की जिंदगी आसान बनाई जा सके। इससे व्यापार बढ़ेगा और देश की समृद्धि होगी।

15 अगस्त को ही कर दी थी घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में ही सबसे पहले इन Next Generation Reforms और GST कानूनों में बदलाव की घोषणा की थी। उस दौरान उन्होंने लगभग 103 मिनट के भाषण में आत्मनिर्भर भारत बनाने के मुद्दे को मुख्य रूप से उठाया था।
उन्होंने सेमीकंडक्टर, खाद व उर्वरक जैसे कई जरूरी क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता लाने की बात कही थी। PM ने इस दिशा में काम करने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स भी बनाने का ऐलान किया था। इसका मकसद है कि भारत जल्द से जल्द वर्ल्ड क्लास तकनीक अपनाए, ताकि इकोनॉमी मजबूत हो और देश में रोजगार के मौके बढ़ सकें।

