Gen Z तक पहुंच बढ़ाएगी मोदी सरकार: रोज एक यूनिवर्सिटी जाएंगे केंद्रीय मंत्री, कैबिनेट मीटिंग में सोशल मीडिया परफॉरमेंस का रिपोर्ट कार्ड पेश
Published:
3 min read

मोदी कैबिनेट की मंगलवार को मीटिंग हुई थी। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक हुई। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के सोशल मीडिया परफॉरमेंस पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सभी मंत्रियों के सामने उनका डिजिटल परफॉर्मेंस का असेसमेंट पेश किया। इसमें सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता, लोगों से जुड़ाव और सरकारी योजनाओं के प्रचार से संबंधित जानकारी थी।
यूनिवर्सिटी का दौरा करेंगे केंद्रीय मंत्री
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में मोदी सरकार ने Gen Z तक पहुंच बढ़ाने के लिए नई रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके तहत हर दिन एक केंद्रीय मंत्री एक यूनिवर्सिटी का दौरा करेगा। मंत्री पूरे दिन वहां स्टूडेंट्स से सरकार की योजनाओं, नीतियों और अलग-अलग क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों पर बातचीत करेंगे। साथ ही देश से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की राय भी जानेंगे। इन यूनिवर्सिटी विजिट को केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया कोऑर्डिनेट करेंगे।
मंत्रियों को मिला सोशल मीडिया का रिपोर्ट कार्ड
सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों के सामने 1 मई से 15 अगस्त तक उनकी सोशल मीडिया परफॉर्मेंस का असेसमेंट रखा गया। इसमें यह देखा गया कि मंत्री सोशल मीडिया पर कितने एक्टिव रहे और सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका कैसी रही।
असेसमेंट में मंत्रियों के पोस्ट की संख्या और फ्रीक्वेंसी, लोगों के साथ ऑनलाइन इंगेजमेंट, सरकारी योजनाओं से जुड़े कंटेंट को शेयर करने, अलग-अलग विषयों पर पोस्ट, फॉलोअर्स की संख्या और पोस्ट पर मिले लाइक्स जैसे मानक शामिल थे। इसके अलावा मंत्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी रीच बढ़ाने के लिए कई सुझाव भी दिए गए। सरकार का फोकस खास तौर पर उन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर है, जिनका इस्तेमाल युवा बड़ी संख्या में करते हैं।
2029-30 के नए वोटर्स पर फोकस
BJP सूत्रों के मुताबिक, इस अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को सरकार की नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी देना है। अभी 14-15 साल की उम्र वाले युवा 2029-30 तक 18-19 साल के हो जाएंगे और उनमें से बड़ी संख्या पहली बार वोट डालेंगे। इसी वजह से केंद्रीय मंत्रियों को सीधे यूनिवर्सिटी कैंपस में जाकर युवाओं से बातचीत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
मंत्रियों से सिर्फ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ही देने को नहीं कहा गया है, बल्कि स्टूडेंट्स से बातचीत कर अलग-अलग मुद्दों पर उनके विचार भी जानेंगे। सरकार ने ये कदम ऐसे समय पर उठाया, जब CJP और अन्य विपक्षी पार्टियां अलग-अलग मुद्दों के जरिए Gen Z और युवा मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश में जुटी हैं।
सोशल मीडिया रैंकिंग में मोदी सबसे आगे
सूत्रों के मुताबिक, 1 मई से 15 अगस्त के दौरान सोशल मीडिया परफॉर्मेंस असेसमेंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले नंबर पर रहे। Instagram, X, Facebook और LinkedIn जैसे प्लेटफॉर्म पर परफॉर्मेंस के आधार पर ये रैंकिंग की गई।

