PM के चीन दौरे पर कांग्रेस का तंज: कहा- चीन की नापाक हरकतों पर मोदी ने सख्त कदम उठाया, मुस्कुराते हुए राष्ट्रपति जिनपिंग से हाथ मिलाया
Published:
3 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के तियानजिन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से की मुलाकात।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को शंघाई सहयोग संगठन SCO समिट में शामिल होने चीन के तियानजिंग शहर पहुंचे। उन्होंने रविवार को SCO समिट के इतर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक को लेकर देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने पीएम मोदी पर तंज कसा है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, चीन ने गलवान घाटी में हमारे 20 जांबाज सैनिकों की जान ले ली। ऑपरेशन सिंदूर के वक्त चीन खुलकर पाकिस्तान का साथ दे रहा था। चीन ने पाकिस्तान को लाइव अपडेट दिए। चीन की इन नापाक हरकतों पर नरेंद्र मोदी ने सख्त कदम उठाया, मुस्कराते हुए चीन के राष्ट्रपति से हाथ मिलाया।
इतना ही नहीं कांग्रेस ने गलवान में शहीद हुए 20 सैनिकों के नाम और फोटो भी शेयर किए। इसके अलावा कांग्रेस ने सेना के अधिकारी राहुल आर सिंह का वीडियो शेयर किया। इसमें वे बताते नजर आ रहे हैं कि पाकिस्तान सिर्फ फ्रंट पर लड़ रहा था। चीन उसे हर संभव मदद पहुंचा रहा था।
50 मिनट चली पीएम मोदी-जिनपिंग की बैठक
पीएम मोदी-जिनपिंग की मीटिंग 50 मिनट चली। मीटिंग में मोदी ने जिनपिंग से दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने का वादा किया। बैठक में बॉर्डर टेंशन कम करने और ट्रेड बढ़ाने पर बातचीत हुई। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल भी इसमें मौजूद रहे। जिनपिंग ने चर्चा खत्म होने के बाद कहा- भारत-चीन दुनिया के दो सभ्य देश हैं। मौजूदा हालात में हमारा साथ आना जरूरी है।
'अब सीमा पर शांति और स्थिरता'
पीएम मोदी ने कहा- कजान में हमारी सार्थक बातचीत हुई थी। हमारे रिश्ते को सकारात्मक दिशा मिली है। अब सीमा पर शांति और स्थिरता है। कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हो चुकी है। दोनों देशों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट्स भी शुरू की जा रही हैं। भारत-चीन सहयोग से 2.8 अरब लोगों के हित जुड़े हैं। यह पूरी मानवता के लिए जरूरी है। हम आपसी संबंधों को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
'ड्रैगन और हाथी का साथ आना जरूरी'
मीटिंग में जिनपिंग ने कहा- मौजूदा हालात में दोनों देशों का साथ आना जरूरी है। भारत और चीन दुनिया के दो सभ्य देश हैं। दुनिया बदलाव की ओर बढ़ रही है। भारत और चीन के रिश्तों को पॉजिटिव दिशा मिली है। सीमा पर शांति और स्थिरता आई है। मौजूदा समय में ड्रैगन और हाथी का साथ आना अच्छी बात है।

