मुंबई में MNS की गुंडागर्दी: वॉट्सएप स्टेटस लगाने पर राजस्थान के दुकानदार से मारपीट की, नंगे पैर बाजार में घुमाया
Published:
3 min read

राजस्थानी कारोबारी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
राज ठाकरे की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर मुंबई के विक्रोली में एक दुकानदार के साथ मारपीट की है। उसकी नंगे पैर बाजार में परेड भी कराई। राजस्थानी दुकानदार ने व्हाट्सएप स्टेटस लगाया था, इसे MNS कार्यकर्ताओं ने मराठी संप्रभुता से जोड़कर देखा। उन्होंने दुकानदार से हाथ जोड़कर जबरदस्ती माफी मंगवाई। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें MNS दुकनदार को गाली देते और धमकाते हुए दिख रहे हैं।
राजस्थान से जुड़ा स्टेटस लगाया था
मुंबई के टैगोर नगर के विक्रोली में दुकानदार के साथ मारपीट हुई। पीड़ित दुकानदार राजस्थान का रहने वाला है। उसने व्हाट्सएप स्टेटस पर राजस्थान से जुड़ी पोस्ट की थी। उसने लिखा- ‘देख लिया राजस्थानी का पावर, हम मारवाड़ी हैं, हमारे सामने किसी की नहीं चलती’।
दुकानदार से माफी मंगवाई, थप्पड़ मारे
व्हाट्सएप स्टेटस देख MNS कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने इस मैसेज को मराठी लोगों पर मारवाड़ी प्रभुत्व से जोड़ दिया। MNS कार्यकर्ता उसकी दुकान पर जा पहुंचे। MNS कार्यकर्ताओं ने दुकानदार को थप्पड़ मारे। उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने दुकानदार से जबरदस्ती माफी मांगने के लिए कहा। दुकानदार ने कान पकड़कर माफी मांगते हुए कहा- ‘मैं ऐसी गलती दोबारा नहीं करुंगा’। इसके बाद भी MNS कार्यकर्ता उसके साथ मारपीट करते रहे। उन्होंने धमकी देते हुए कहा, अगर किसी ने भी मराठी लोगों के खिलाफ पोस्ट की तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा।
यह वीडियो खुद MNS कार्यकर्ताओं ने बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो के बैकग्राउंड में मराठी गाना भी लगाया है। कैप्शन में लिखा है- अगर मराठी लोगों के खिलाफ कोई कुछ भी बोलेगा और लिखेगा, उसके साथ ऐसा ही किया जाएगा।
राज ठाकरे ने एक पब्लिक रैली में MNS कार्यकर्ताओं से मारपीट का वीडियो रिकॉर्ड नहीं करने के लिए कहा था। ताकि कार्यकर्ता कानूनी कार्रवाई से बच सकें।
घसीटते हुए पुलिस स्टेशन ले गए
मारपीट के बाद दुकानदार को घसीटते हुए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। MNS के स्थानीय नेता विश्वजीत ढोलाम ने दुकानदार का बहिष्कार करने की मांग की है। ढोलाम ने कहा कि मराठी लोगों का अपमान करने वाले दुकानदारों से सामान न खरीदें।
स्ट्रीट वेंडर के साथ की थी मारपीट
इससे पहले भी थाने में 1 जुलाई को MNS कार्यकर्ताओं ने मराठी नहीं बोलेने पर स्ट्रीड फूड वेंडर के साथ मीरपीट की थी। पुलिस ने इस मामले में 7 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इसके बाद भयांदर के कारोबारियों ने प्रदर्शन किया था। उन्होंने MNS कार्यकर्ताओं पर नॉन मराठी कम्युनिटी को टारगेट करने का आरोप लगाया था।

