‘कर्नाटक CM नहीं रहे’: कन्नड़ से इंग्लिश करने में फेसबुक ने की बड़ी चूक, सिद्धारमैया बोले- ट्रांसलेशन बंद करो
Published:
2 min read

मेटा ऑटो-ट्रांसलेशन में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। फेसबुक ने कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया की पोस्ट को गलत तरीके से ट्रांसलेट कर दिया। मेटा ने एक शोक संदेश पोस्ट को ऑटो-ट्रांसलेशन से ‘कर्नाटक सीएम नहीं रहे’ घोषित कर दिया। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक ने कन्नड़ भाषा को अंग्रेजी में ट्रांसलेट किया था। सीएम ने एक्ट्रेस बी सरोजादेवी के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट की थी। लेकिन मेटा ने उसका गलत तरीके से ट्रांसलेशन किया।
फेसबुक ने गलत ट्रांसलेट में लिखा था- ‘मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कल नहीं रहे मल्टी स्टार, सीनियर एक्ट्रेस बी सरोजादेवी के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और अंतिम श्रंद्धांजलि अर्पित की’।
15 जुलाई को मेटा प्लेटफार्म के ऑटो-ट्रांसलेशन में गलती हुई
'कन्नड़ ऑटो ट्रांसलेशन को रोक दें’
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जिम्मेदारी से काम करने और जब तक सर्विस ठीक नहीं हो जाती, तब तक कन्नड़ ऑटो ट्रांसलेशन सर्विस को बंद करने के लिए कहा। सीएम सिद्धारमैया ने मेटा को लिखे पत्र की एक कॉपी सोशल मीडिया X पर शेयर की है।
उन्होंने लिखा कि मेटा प्लेटफार्म पर गलत कन्नड़ ऑटो ट्रांसलेशन कंटेट फेक्ट को तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहा है और लोग गुमराह हो रहे हैं। यह तब और खतरनाक हो जाता है जब बात आधिकारिक अकाउंट की हो।
सीएम ने लिखा कि मेरे मीडिया एडवाइजर केवी प्रभाकर ने मेटा को तत्काल गलती सुधारने के लिए पत्र लिखा है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। मैं लोगों को सावधान करना चाहता हूं कि ट्रांसलेशन अक्सर गलत होते हैं। दिग्गज टेक कंपनियों की ऐसे लापरवाही लोगों की समझ और भरोसे को नुकसान पहुंचा सकती है।
17 जुलाई को मेटा ने अपनी गलती सुधार ली।

मेटा ने मांगी माफी
मेटा के एक प्रवक्ता ने गलत ट्रांसलेशन पर माफी मांगी है। उन्होंना कहा कि हमने समस्या को ठीक कर दिया है जिसकी वजह से कन्नड़ ट्रांसलेशन में थोड़ी देर के लिए गड़बड़ी हुई थी। हमें खेद है कि ऐसा हुआ।

