मेघालय में बड़ा सियासी बदलाव: UDP के 8 विधायक BJP में शामिल; विधानसभा में संख्या 10 हुई
Published:
2 min read

BJP में शामिल होने के बाद विधायकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू और सांसद संबित पात्रा मौजूद रहे।
नेशनल डेस्क. मेघालय में यूनाईटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 विधायकों ने दिल्ली में BJP का दामन थाम लिया है। इस तरह राज्य में अब BJP विधायकों की संख्या 8 हो गई है। UDP के कुल 12 विधायक थे, अब 4 बचे हैं। दो-तिहाई से अधिक विधायक BJP में शामिल होने से दल बदल कानून लागू नहीं होगा।
8 विधायकों में शिक्षा मंत्री लहकमेन रिम्बुई, पूर्व कैबिनेट मंत्री किरमेन शायला, मावसिनराम विधायक ओलान सिंग सुइन, नोंगपोह विधायक मेयरलबोर्न सियेम, सोहिओंग विधायक सिंशर कुपर रॉय लिंगदोह थाबा, शेल्ला विधायक बालाजीद कुपर सिनरेम विधायक मैथ्यू पियोंड बियॉन्ड मारवीन हैं।
UDP और BJP दोनों सरकार का हिस्सा
8 विधायकों के BJP में जाने के बाद BJP और UDP दोनों सरकार में बने हुए हैं, हालांकि UDP के विधायकों की संख्या कम हो गई है। UDP के दो विधायक सरकार में मंत्री थे। अब मंत्रिमंडल के समीकरणों में बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है।
इन मुद्दों पर सहमति के बाद शामिल हुए
शिक्षा मंत्री लहकमेन रिम्बुई ने कहा- यह फैसला मेघालय से जुड़े कई मुद्दों को हल करने की जरूरत के हिसाब से किया गया है। इन मुद्दों में संविधान की 8वीं अनुसूची में खासी भाषा को शामिल करने की मांग, मेघालय रेजिडेंट्स सेफ्टी एंड सिक्योरिटी एक्ट (MRSSA) में बदलाव, कोयला खनन के नियमों में ढील और थेम इव मावलोंग से हरिजन कॉलोनी को दूसरी जगह बसाना शामिल है।
रिम्बुई के मुताबिक, ग्रुप का मानना है कि इन मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र में BJP के नेतृत्व वाली NDA सरकार का समर्थन जरूरी है। उन्होंने कहा- BJP नेतृत्व ने इन मुद्दों पर भरोसा दिलाया है।
मेघालय में BJP दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
मेघालय विधानसभा में 60 सदस्य हैं। 8 विधायकों के BJP में शामिल होने से विधायकों की संख्या 10 हो गई है। अब वह राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। वहीं UDP विधायकों की संख्या 12 से घटकर 4 रह गई है। अभी मेघालय में BJP नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) के साथ सरकार में है।

