मेघालय में सियासी उलटफेर: UDP के 8 विधायक BJP में जाएंगे, अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया फैसला
Published:
3 min read

MLA किर्मेन श्याला ने बताया कि उनके समेत 8 UDP विधायक जल्द ही BJP जॉइन करेंगे।
नेशनल डेस्क। मेघालय की राजनीति में 2028 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 विधायक BJP में शामिल होने की तैयारी में हैं। UDP के एक विधायक ने खुद यह बात कही है।
MLA किर्मेन श्याला ने गुरुवार (17 सितंबर) को न्यूज एजेंसी ANI से फोन पर बातचीत में कहा कि 8 UDP विधायकों ने अमित शाह से मुलाकात की और उनसे कई अहम मुद्दों को हल करने का आश्वासन मिला। इनमें कानूनी तरीके से कोयला खनन फिर शुरू करना और लोकल खासी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करना जैसी मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी 8 विधायक इसी साल BJP में शामिल होंगे।
अभी UDP के 12 विधायक, 8 के जाने से पार्टी को बड़ा झटका
UDP फिलहाल मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा की लीडरशिप वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA) सरकार की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है। विधानसभा में UDP के कुल 12 विधायक हैं। इनमें से 2 विधायक सरकार में मंत्री भी हैं।
अगर UDP के 8 विधायक BJP में शामिल होते हैं तो 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में BJP के विधायकों की संख्या 2 से बढ़कर 10 हो जाएगी। वहीं UDP के पास सिर्फ 4 विधायक रह जाएंगे। दो-तिहाई विधायकों के पाला बदलने से उनकी विधानसभा सदस्यता भी खत्म नहीं होगी।
इस बदलाव से संगमा सरकार को कोई खतरा नहीं है क्योंकि BJP उनकी सहयोगी पार्टी है। असर UDP और BJP के भविष्य पर जरूर पड़ेगा। इस बदलाव से UDP राज्य में कमजोर होगी और BJP की ताकत बढ़ेगी। संगमा सरकार में भी BJP अब कुछ मंत्री पद मांग सकती हैं। यह बदलाव ऐसे वक्त में हो रहा है जब मेघालय में अगला विधानसभा चुनाव 2028 में होना है।
कोयला खनन और खासी भाषा बड़े मुद्दे
UDP विधायकों की जिन मांगों का श्याला ने जिक्र किया है, उनमें कोयला खनन का मुद्दा मेघालय के लिए खासा अहम है। राज्य में कोयला खनन पर लंबे अरसे से कानूनी और पर्यावरण से जुड़े सवाल उठते रहे हैं। UDP विधायक अब कानूनी तरीके से खनन दोबारा शुरू कराने की मांग कर रहे हैं।
दूसरी मांग खासी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की है। आठवीं अनुसूची में शामिल भाषाओं को संविधान में विशेष मान्यता हासिल है।
CM संगमा भी एक्शन में
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मेघालय सरकार भी राज्य में विकास और कनेक्टिविटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर जोर दे रही है। 12 सितंबर को मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने टिकरीकिल्ला में पर्यटन और इकोनॉमिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कुछ प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। साथ ही कुछ कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स की नींव भी रखी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि राज्य के दूरदराज और अंदरूनी इलाकों तक विकास पहुंचाने के लिए कनेक्टिविटी सरकार के एजेंडे का अहम हिस्सा है।
यह भी पढ़ें...

