TV स्टूडियो में मौलाना रशीदी से मारपीट: डिंपल यादव पर आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करने से नाराज थे सपा मेंबर, 3 पर FIR दर्ज
Published:
3 min read

आरोपी कुलदीप भाटी जो खुद को युवजन सभा, समाजवादी पार्टी का प्रदेश सचिव बता रहा है। उसने अपने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया है।
समाजवादी पार्टी की सांसद और पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव पर आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करने वाले मौलाना साजिद रशीदी के साथ कुछ युवाओं ने मारपीट की है। मंगलवार को नोएडा में एक न्यूज चैनल के स्टूडियो में उनके साथ यह घटना हुई। उन्होंने मारपीट करने वाले 3 युवकों पर FIR दर्ज कराई है। आरोपी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया
मौलाना के साथ मारपीट करने वाले एक लड़के ने घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। मौलाना रशीदी ने कुछ दिन पहले डिंपल यादव के खिलाफ एक टीवी डिबेट में आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था। इसी से नाराज होकर इन लड़कों ने इस तरह का कदम उठाया है।
मौलाना के साथ TV स्टूडियो में क्या हुआ
मंगलवार को रशीदी एक न्यूज चैनल में डिबेट प्रोग्राम में हिस्सा लेने के लिए नोएडा में थे। टीवी स्टूडियो में ही कुछ युवाओं ने उनके साथ मारपीट की। उन्हें थप्पड़ मारे। आरोपी कुलदीप भाटी खुद को युवजन सभा, समाजवादी पार्टी का प्रदेश सचिव बता रहा है। उसने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- मौलाना रशीदी का इलाज कर दिया गया। अगर कोई किसी भी महिला के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करेगा, उसका भी इस तरह इलाज किया जाएगा।
3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मौलाना रशीदी ने 3 युवाओं के खिलाफ सेक्टर-126 पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक कुलदीप भाटी, मोहित नागर और श्याम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मौलाना को मिल रहीं थी धमकियां
दो दिन पहले मौलाना रशीदी ने कहा था कि उनको गलत तरीके से टारगेट किया जा रहा है, उन्हें धमकी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें धमकी दे रहे हैं।
मौलाना ने माफी मांगने से किया था इंकार
इससे पहले ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIIA) के अध्यक्ष रशीदी ने डिंपल यादव से माफी मांगने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि अगर डिंपल माफी मांगती हैं और मानती हैं कि उनका पहनावा इस्लामिक मान्यताओं के खिलाफ है तो वह भी माफी मांग लेंगे। रशीदी ने कहा था कि जिस तरह से वह (डिंपल यादव) मस्जिद के अंदर बैठी थीं, मैंने इस्लामिक मान्यताओं के आधार पर आपत्ति जताई।
मौलाना पर लखनऊ में FIR दर्ज
मौलाना रशीदी पर रविवार को सपा कार्यकर्ता प्रवेश यादव ने मौलाना रशीदी के खिलाफ लखनऊ के विभूतीखंड पुलिस थाने में FIR कराई थी।
विवाद के पीछे की वजह
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली के संसद भवन के पास स्थित मस्जिद में बैठक की थी। उनके साथ डिंपल यादव, सपा सांसद इकरा हसन सहित कई सपा सांसद मौजूद थे। जैसे ही अखिलेश यादव की मस्जिद के अंदर की तस्वीरें सामने आई। इसके बाद बीजेपी और मुस्लिम कम्युनिटी ने विरोध दर्ज कराया। मौलाना रशीदी ने भी इस पर कमेंट किया और यही बात अब मारपीट तक पहुंच चुकी है।

