'18 एकड़ जमीन, शादी नहीं हो रही': शख्स ने अनिरुद्धाचार्य की कथा में बताई समस्या; साहिबा ने 'खुशी तिवारी' बनकर की शादी; 2 घंटे बाद मर्डर
Published:
3 min read

अनिरुद्धाचार्य की कथा में समस्य बताने वाले शख्स की हत्या
45 साल के टीचर को अनिरुद्धाचार्य महाराज की कथा में शादी न होने की समस्या बताने की वजह से जिंदगी से हाथ धोना पड़ा। कथा का वीडियो वायरल होने के बाद शख्स के पास महिला ने शादी का प्रपोजल भेजा था। इसे उसने स्वीकार कर लिया और महिला से शादी करने पहुंच गया। लेकिन शादी के दो घंटे बाद ही महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर शख्स की हत्या कर दी।
दरअसल, जबलपुर के इंद्रकुमार तिवारी ने अनिरुद्धाचार्य की कथा में अपनी समस्या बताई थी। उन्होंने बताया था कि वे टीचर हैं और उनके पास 18 एकड़ जमीन हैं। इसके बावजूद उनकी शादी नहीं हो रही है। इसके बाद आचार्य अनिरुद्धाचार्य ने इंद्रकुमार को साधु बनने की सलाह दी थी। आचार्य अनिरुद्धाचार्य ने कहा था- खेती को समाज की सेवा में लगाओ, जमीन पर विद्यालय बनाओ, बच्चों को निशुल्क पढ़ाओ।
वीडियो वायरल होने के बाद आया शादी का ऑफर
कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार ने NDTV को बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद इंद्रकुमार की लाइफ में एक महिला 'खुशी तिवारी' की एंट्री हुई। महिला का असली नाम साहिबा बानो था। उसने और कुशल नाम के एक व्यक्ति ने इंद्रकुमार को शादी करने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद खुशी और कुशल ने इंद्रकुमार को गोरखपुर बुलाया और मंदिर में झूठी शादी करने का नाटक किया। शादी के दो घंटे बाद ही इंद्रकुमार की चाकू से हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि महिला और उसका साथी हत्या के बाद इंद्रकुमार के गहने और पैसे लूटकर फरार हो गए।
हत्या के बाद झाड़ियों में फेंका शव
खुशी और कुशल ने इंद्रकुमार के शव को उत्तरप्रदेश के कुशीनगर में हाईवे किनारे फेंक दिया। 6 जून को इंद्रकुमार का शव NH-28 के पास झाड़ियों में मिला।
फर्जी नाम से आधार कार्ड बनवाया
कुशीनगर एसपी के मुताबिक, साहिबा बानो ने फर्जी आधार कार्ड में अपना नाम खुशी तिवारी रखा था। इसके जरिए ही उसने इंद्रकुमार को अपने झांसे में लिया था। साहिबा बानो ने इंद्रकुमार से कहा कि वो उससे शादी करेगी। इंद्रकुमार ने ये बात अपनी फैमिली को बताई और कहा कि वो खुशी से शादी करने कुशीनगर जा रहा है।
शादी की फोटो दिखाकर जमीन हड़पना चाहती थी
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस इस मामले की मिलकर जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका प्लान था कि वे इंद्रकुमार की हत्या के बाद खुद को विधवा बताकर नकली शादी की फोटो के आधार पर जमीन पर कब्जा कर लेगी। हालांकि, साहिबा और कुशल समेत दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

