'किसी को अपने डॉक्यूमेंट मत दिखाइए': ममता बनर्जी का आरोप- BJP ने वोटर लिस्ट से नाम हटाने के लिए 500 लोगों की टीम भेजी
Published:
3 min read

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने BJP पर बंगालियों के वोट के अधिकार को छीनने का आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल की CM और TMC चीफ ममता बनर्जी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी बंगालियों के वोट के अधिकार को छीनने की कोशिश कर रही है। ममता तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। ममता ने दावा किया कि बीजेपी ने बंगाल में लोगों का वोटर लिस्ट से नाम काटने के लिए सर्वे की 500 लोगों की टीम भेजी है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, बीजेपी वोटर लिस्ट से नाम हटाने के लिए 500 लोगों की टीम लाकर सर्वे करवा रही है। अपने डॉक्यूमेंट उनके साथ शेयर न करें। क्योंकि वे आपके डॉक्यूमेंट इकट्ठा करके वोटर लिस्ट से आपके नाम हटाने की साजिश रच रहे हैं। बस आधार कार्ड ले जाएं क्योंकि यह एक अनिवार्य पहचान पत्र है।
ममता बनर्जी ने लोगों से अपील की कि वे लोग सर्वे करने वालों को अपनी कोई निजी जानकारी न दें, इसके बजाय वे सीधे पोलिंग स्टेशन पर जाकर वेरीफाई कराएं। उन्होंने कहा- आधार कार्ड अब वोटर पहचान के लिए अनिवार्य हो गया है।
'बंगालियों के खिलाफ भाषाई आतंक फैला रही बीजेपी'
ममता ने BJP पर देश भर में बंगालियों के खिलाफ भाषाई आतंक फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के गरीब प्रवासी मजदूरों को गलत तरीके से बांग्लादेशी बताया जा रहा है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, आप गरीब लोगों को बांग्लादेशी कहकर प्रताड़ित करते हैं। लेकिन मेरे लिए, गरीब लोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। मैं जाति या पंथ में विश्वास नहीं करती, मैं मानवता में विश्वास रखती हूं।
बंगाल के योगदान को मिटाने में जुटी बीजेपी- ममता
CM ममता बनर्जी ने कहा, हाल ही में महाराष्ट्र में हावड़ा के एक प्रवासी मजदूर की हत्या कर दी गई, लेकिन ये लोग (BJP) ऐसे अत्याचारों पर कभी आवाज नहीं उठाते।
ममता ने आगे आरोप लगाया कि बीजेपी भारत के स्वतंत्रता संग्राम में बंगाल के योगदान को मिटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, अगर बंगाली भाषा ही नहीं है, तो राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत किस भाषा में लिखे गए? वे चाहते हैं कि लोग बंगालियों की ऐतिहासिक भूमिका को भूल जाएं। अब वे बंगाल को बदनाम करने और हमारे इतिहास का अपमान करने के लिए फिल्मों को भी फंड दे रहे हैं।
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए ममता ने कहा, "मैं चुनाव आयोग का सम्मान करती हूं, लेकिन आप जानते हैं, लॉलीपॉप बच्चों को अच्छे लगते हैं। अगर बड़े लोग किसी एक पार्टी की तरफ से लॉलीपॉप लेने लगें, तो यह अच्छा नहीं लगता।

