'तुम्हारी 4 एकड़ तो मेरी 40 एकड़ फसल खराब हुई': खड़गे का विवादित बयान, शिकायत लेकर पहुंचे किसान से बोले- पब्लिसिटी के लिए मत आया करो
Published:
2 min read

नेशनल डेस्क. कर्नाटक के कलबुर्गी में भारी बारिश के चलते किसानों को बहुत नुकसान हुआ है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने फसल बर्बाद होने की शिकायत लेकर पहुंचे एक किसान की मदद करने के बजाय उल्टा उस पर तंज कसा। इतना ही नहीं उन्होंने किसान से कहा कि वे यहां सिर्फ पब्लिसिटी के लिए न आएं।
'तुम्हारी 4 तो मेरा 40 एकड़ का नुकसान'
एक किसान अपनी शिकायत लेकर खड़गे के कलबुर्गी स्थित घर पहुंचा था। इस दौरान खड़गे ने उससे पूछा कि तुम्हारी कितनी फसल बर्बाद हुई है। इस पर किसान ने कहा, 4 एकड़। किसान का जवाब सुनकर खड़गे ने कहा, मुझे तुमसे भी ज्यादा नुकसान हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, मेरी 40 एकड़ फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने कहा, यह उस कहावत जैसा है कि किसी के 3 बच्चे हों और वह ऐसी महिला के पास जाकर समस्याएं बता रही है, जिसके 6 बच्चे हों।
जिन लोगों की खेती ज्यादा उनके लिए कठिन है
कांग्रेस अध्यक्ष यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा, यहां सिर्फ पब्लिसिटी के लिए मत आइए। मुझे इस मुद्दे की जानकारी है। मैं इस साल फसलों को हुए नुकसान का पता है। उन्होंने किसान से कहा, तुम गुजारा कर सकते हो, लेकिन यह हमारे लिए कठिन है। जिन लोगों की खेती ज्यादा है, उनके लिए यह कठिन है।
कांग्रेस शासित कर्नाटक का कलबुर्गी जिला बाढ़ से जूझ रहा है। ऐसे में राज्य सरकार से इसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने और किसानों के लिए विशेष सहायता का ऐलान करने की मांग की जा रही है।
खड़गे ने पीएम मोदी को बताया देश का दुश्मन
इससे पहले खड़गे ने अमेरिका-भारत टैरिफ विवाद को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा। खड़गे ने कलबुर्गी में पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'पीएम मोदी और ट्रम्प अच्छे दोस्त हो सकते हैं, क्योंकि दोनों ने एक दूसरे के लिए वोट मांगे। प्रधानमंत्री मोदी माहौल बिगाड़कर देश के दुश्मन बन गए।'

