थरूर पर कांग्रेस अध्यक्ष का पलटवार: PM को 'प्राइम एसेट' बताने पर भड़के खरगे, बोले- हमारे लिए देश पहले, कुछ के लिए मोदी
Published: Updated:
2 min read

शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे लेकर शशि थरूर पर निशाना साधा है। खरगे ने कहा, हमारे लिए देश पहले है जबकि कुछ लोगों के लिए मोदी पहले हैं।
खरगे ने थरूर पर तंज कसते हुए कहा, थरूर बहुत अच्छी अंग्रेजी बोलते हैं। मैं अंग्रेजी अच्छे से नहीं पढ़ पाता। उनकी भाषा काफी अच्छी है। इसलिए हमने उन्हें कांग्रेस वर्किंग कमेटी का सदस्य बनाया।
उन्होंने कहा, पहलगाम हमले के बाद पूरे विपक्ष ने कहा कि हम सेना के साथ खड़े हैं। हमने कहा, देश पहले, पार्टी बाद में। लेकिन कुछ लोगों को लगता है कि मोदी पहले हैं, देश बाद में है। ऐसे लोगों के लिए मैं क्या कर सकता हूं।
थरूर ने पीएम मोदी को बताया था प्राइम एसेट
कांग्रेस अध्यक्ष का ये बयान शशि थरूर के द हिंदू में छपे आर्टिकल पर आया, जिसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के उठाए गए कदमों का जिक्र किया था। इसमें उन्होंने लिखा पीएम मोदी को वैश्विक स्तर पर देश का प्राइम एसेट बताया था। उधर, कांग्रेस ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीजफायर को लेकर मोदी सरकार को घेर रही है और थरूर के बयान से दूरी बना ली है। कांग्रेस का कहना है कि थरूर का बयान निजी है और पार्टी का इससे कुछ लेना देना नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने हाल ही में कहा था कि यह उनका निजी विचार हो सकता है। यह कांग्रेस पार्टी का बयान नहीं है।

