विधायक के मारपीट वाले वीडियो पर बवाल: CM फडणवीस बोले- मारपीट सही नहीं, स्पीकर एक्शन लें
Published:
2 min read

देवेंद्र फणडवीस ने शिंदे गुट के विधायक की आलोचना की
कैंटीन स्टाफ के साथ शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संजय गायकवाड़ की मारपीट का मामला विधान परिषद तक पहुंच गया। विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विधायक का आचरण सदन की मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने स्पीकर से विधायक गायकवाड़ पर एक्शन लेने की अपील की।
दरअसल, शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने खराब खाने को लेकर कैंटीन संचालक के साथ मारपीट की थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मुद्दे पर महाराष्ट्र विधान परिषद में चर्चा हुई।
CM ने विपक्ष को दिया जवाब
विपक्ष को जवाब देते हुए CM फडणवीस ने कहा कि विधायक का यह आचरण सदन की मर्यादा के लिए ठीक नहीं है। विधायक के खिलाफ उचित कार्यवाही की जानी चाहिए।
संजय गायकवाड़ ने आकाशवाणी एमएलए कैंटीन के संचालक योगेश कुटराम के साथ मारपीट की थी। विधायक का कहना है कि कैंटीन से उन्हें खराब दाल भेजी गई, जिसकी वजह से उन्हें उल्टी हुई। विधायक का आरोप है कि खाने की गुणवत्ता को लेकर वह कई बार संचालक से शिकायत कर चुके थे। मीडिया से बात करते हुए गायकवाड़ ने कहा था कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है। शिवसेना (यूबीटी) से एमएलसी अनिल परब ने परिषद के सामने वायरल वीडियो के बारे में सवाल किया था। जिसका
जनप्रतिनिधि द्वारा मारपीट सही नहीं: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा- मैंने वह वीडियो देखा, जिसमें विधायक की हरकत ठीक नहीं है। यह विधायक और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। मुझे पता चला कि खाना बासी था। इसकी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती थी। अध्यक्ष महोदय इस मामले में आप उचित कार्रवाई करें। किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा मारपीट करना और वीडियो वायरल करना सही नहीं है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा- इस तरह की घटनाओं की वजह से लोगों के बीच गलत संदेश जाता है। विधायक के तौर पर सत्ता की शक्ति का दुरुपयोग करना सही नहीं है। यह एक गंभीर मामला है। आपको(सभापती) इसका संज्ञान लेना चाहिए। इस मामले में उचित कार्रवाई करना चाहिए।
एकनाथ शिंदे ने भी दी कडी प्रतिक्रिया
शिवसेना प्रमुख और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी और कहा- हम जनता के प्रतिनिधि हैं और हमारी जिम्मेदारी है। मैं गायकवाड़ की हरकत की निंदा करता हूं। मैंने उनसे कहा है कि किसी को थप्पड़ मारना गलत है।

