महाराष्ट्र: NEET मॉक टेस्ट में आए कम नंबर, प्रिसिंपल पिता ने पीट-पीट कर बेटी की हत्या की
Published:
2 min read

पिता ने बेटी को पीट-पीट कर मार डाला
महाराष्ट्र के सांगली से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी बेटी की पीट पीट कर इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसके NEET मॉक टेस्ट में कम नंबर आए थे। आरोपी प्रिंसिपल पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सांगली की रहने वाली साधना पढ़ने में काफी होशियार थी। 10वीं में उसके 92.60 प्रतिशत नंबर आए थे। वह मेडिकल परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी। साथ ही मॉक टेस्ट भी दे रही थी। प्रैक्टिस टेस्ट में कम नंबर आने की वजह से साधना के पिता धोंडीराम को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने साधना को डंडे से पिटाई की।
सिर में भी आई थी चोट
इससे साधना गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में भी चोट लगी थी। इसके बाद उसे अस्पताल में एडमिट कराया गया। इलाज शुरू होने से पहले ही शुक्रवार (20 जून) को उसकी मौत हो गई। साधना की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी पिता ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया।
मां ने की पति के खिलाफ शिकायत
पुलिस के मुताबिक, 22 जून को साधना की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने बताया कि कम नंबर आने की वजह से उसके पति ने बेटी की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी पिता 24 जून तक पुलिस की हिरासत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

