Maharashtra: राहुल गांधी का मतदाता सूची में धांधली का आरोप; CM फडणवीस का पलटवार- झूठ बोले कौवा काटे, हार का दर्द बढ़ता जा रहा
Published: Updated:
3 min read

राहुल गांधी और CM देवेंद्र फडणवीस आरोप प्रत्यारोप
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस के विधानसभा क्षेत्र में 5 महीने में 8 प्रतिशत वोटर बढ़े। जबकि कुछ बूथ पर 20-25 प्रतिशत वोटर बढ़े हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया। अब राहुल के आरोपों पर सीएम फडणवीस ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा, झूठ बोले कौआ काटे।
राहुल गांधी लगातार महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं। वे पहले भी इस मुद्दे पर मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल खड़े कर चुके हैं। अब राहुल गांधी ने एक न्यूज आर्टिकल शेयर करते हुए नए आरोप लगाए हैं।
EC चुप या मिला हुआ है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'महाराष्ट्र में सीएम की अपनी विधानसभा में 5 महीने में वोटर लिस्ट 8 प्रतिशत बढ़ी है। कुछ बूथ पर 20-25 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। कई BLO ने भी अज्ञात वोटरों के वोट डालने की बात कही थी। मीडिया ने भी बिना सत्यापित पते के हजारों वोटरों का खुलासा किया है। इसके बाद भी चुनाव आयोग चुप है या इसमें मिला है। यह वोटों की चोरी है। इसे छिपाना आरोपों को मानने जैसा है।'
फडणवीस ने किया पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों पर CM फडणवीस ने पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राहुल की पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, 'झूठ बोले कौवा काटे...काले कौवे से डरियो… करारी हार की आपकी पीड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है.'
उन्होंने लिखा, राहुल गांधी, लेकिन कब तक हवा में तीर चलाते रहेंगे? वैसे आप की जानकारी के लिए, महाराष्ट्र में ऐसे 25 से अधिक चुनाव क्षेत्र है जहाँ 8% से अधिक मतदाता लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच बढ़े हैं और कई जगह कांग्रेस जीती है. मेरे दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र से लगे पश्चिम नागपुर चुनाव क्षेत्र में 7% मतदाता (27,065) बढ़े और वहाँ कांग्रेस के उम्मीदवार विकास ठाकरे चुनाव जीते. उत्तर नागपुर में 7% (29,348) मतदाता बढ़े और कांग्रेस से नितिन राऊत जीते. पुणे जिले में वडगांव शेरी में 10% (50,911) मतदाता बढ़े और शरद पवार गुट के बापूसाहेब पठारे जीते, मालाड पश्चिम में 11% (38,625) मतदाता बढ़े और आपके कांग्रेस पार्टी के अस्लम शेख जीते. मुंब्रा में 9% (46,041) मतदाता बढ़े और शरद पवार गुट के जितेंद्र आव्हाड जीते. सहयोगी दलों से भले ही नहीं, लेकिन अपनी ही पार्टी के अस्लम शेख, विकास ठाकरे, नितिन राऊत जैसे पुराने सहयोगीयों से, इस ट्वीट से पहले एक बार बात कर लेते, तो अच्छा होता. कम से कम कांग्रेस में संवाद के अभाव का इतना बुरा प्रदर्शन नहीं होता…”

