15 अगस्त को कल्याण डोंबिवली में मीट शॉप बंद रखने का आदेश: आदित्य ठाकरे बोले- हमें क्या खाना चाहिए-क्या नहीं, ये आदेश देने वाले आप कौन? जितेंद्र आव्हाड ने मटन पार्टी का ऐलान किया
Published:
2 min read

कल्याण डोंबिवली में 15 अगस्त को मीट शॉप बंद रखने के आदेश पर सियासी घमासान
कल्याण डोंबिवली म्यूनिसिपल कॉपरेशन (KDMC) के 15 अगस्त को मीट शॉप बंद रखने के आदेश पर सियासी विवाद छिड़ गया। NCP (शरद पवार) गुट और शिवसेना (उद्धव गुट) ने मीट बैन के आदेश को खानपान पर तानाशाही बताई। NCP (शरद पवार) गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने 15 अगस्त को मटन पार्टी देने का भी ऐलान कर दिया।
KDMC कमिश्नर कंचन गायकवाड ने हाल ही में एक आदेश जारी किया। इसमें उन्होंने बकरियों, भेड़ों, मुर्गियों समेत अन्य बड़े जानवरों का मीट बेचने वाले दुकानदारों को 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की आधी रात तक दुकानबंद रखने का आदेश दिया था। आदेश में कहा गया था कि अगर इस दौरान मीट बेचा गया तो महाराष्ट्र नगर निगम अधिनियम 1949 के तहत कार्रवाई की जाएगी। आदेश के मुताबिक, 15 अगस्त समेत अन्य राष्ट्रीय पर्व पर मीट शॉप बंद करने की प्रक्रिया लंबे समय से चली आ रही है। ऐसा इसलिए किया जाता है, जिससे 'सार्वजनिक व्यवस्था और गरिमा' बनी रहे।
ये लोगों की स्वतंत्रता पर खुला प्रहार- जितेंद्र आव्हाड
जितेंद्र आव्हाड ने KDMC के आदेश का विरोध करते हुए कहा- यह लोगों की स्वतंत्रता पर खुला प्रहार है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर मटन पार्टी देने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिस दिन हमारे देश को आजादी मिल, उसी दिन लोगों से उनके पसंद का खाना खाने की आजादी छीन रहे हैं। यह समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा करने की कोशिश के अलावा कुछ नहीं है।
कमिश्नर कौन होता है हमें बताने वाला- आदित्य ठाकरे
शिवसेना ( UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए KDMC कमिश्नर को निलंबित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, कमिश्नर कौन होता है, हमें ये बताने वाला कि क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? पुल टूट रहे हैं, सड़कें खस्ताहाल हैं और प्रशासन उन्हें ठीक करने की बजाय खाने पर रोक लगाने में लगी है।
महाराष्ट्र कैबिनेट तक पहुंची बात
यह विवाद राज्य कैबिनेट तक पहुंच गया। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि इस मामले की जांच करेंगे। उस नियम, कानून की जांच करेंगे, जिसके तहत यह आदेश जारी किया गया है।

