महाराष्ट्र पर गलत डेटा देने पर CSDS के संजय कुमार ने माफी मांगी: इन्हीं की पोस्ट को लेकर विपक्ष ने चुनाव आयोग पर लगाए थे आरोप; BJP बोली- राहुल गांधी माफी मांगे
Published:
2 min read

संजय कुमार ने कहा कि हमारी टीम ने डेटा को गलत पढ़ लिया। मेरा मकसद किसी भी तरह की गलत खबर फैलाने का नहीं था। (फाइल फोटो)
चुनावी विश्लेषक और CSDS के सह निदेशक संजय कुमार ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर पेश किए गए अपने आंकड़ों को गलत मानते हुए माफी मांगी है और अपनी पोस्ट हटा ली है। चौंकाने वाली बात ये है कि इसी पोस्ट को लेकर कांग्रेस चुनाव आयोग और बीजेपी सरकार पर निशाना साध रही थी। ऐसे में अब बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने के लिए कहा है।
चुनावी विश्लेषक संजय कुमार ने अपनी पोस्ट में लिखा- मैं महाराष्ट्र चुनाव को लेकर किए गए ट्वीट पर ईमानदारी से माफी मांगता हूं, 2024 लोकसभा और विधानसभा चुनाव के डेटा की तुलना करते समय गलती हुई है। हमारी टीम ने रो में दिया गए डेटा को गलत पढ़ लिया। पोस्ट को हटा लिया गया है। मेरा मकसद किसी भी तरह की गलत खबर फैलाने का नहीं था।
संजय कुमार ने कौन सी पोस्ट हटाई
चुनावी विश्लेषक संजय कुमार ने अपनी पोस्ट में दावा किया था कि नाशिक वेस्ट और हिगना विधानसभा में वोटर्स की संख्या 47 प्रतिशत और 43 प्रतिशत बढ़ी है। पिछले लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र चुनाव के बीच क्रमश 100 प्रतिशत वोट पड़े। उन्होंने दावा किया था कि रामटेक और देवलाली सीट पर 38 और 36 प्रतिशत वोटर्स की गिरावट आई। इस दावे के बाद कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां चुनाव आयोग पर हमलावर हो गई थीं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाया था।
कांग्रेस ने बेशर्मी से आरोप लगाए थे- BJP
BJP के सीनियर नेता और IT सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जिस संस्था के दावे पर आरोप लगाए वह झूठे साबित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अब चुनाव आयोग और देश से माफी मांगनी चाहिए। अमित ने कहा कि अब राहुल गांधी और कांग्रेस कहां है, जिन्होंने चुनाव आयोग पर बेशर्मी से आरोप लगाए और असली वोटर को फर्जी बताने की हद तक चले गए।

