महिला IPS से फोन पर बहस को लेकर अजित पवार की सफाई: कहा- मेरा इरादा कानूनी काम में दखल देना नहीं था, मैंने बस माहौल शांत कराने की कोशिश की
Published:
3 min read

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। महिला IPS से कहा- आपके खिलाफ एक्शन लूंगा। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने महिला IPS से फाेन पर बहस करने के मामले में सफाई दी है। अजित ने कहा- मेरे संज्ञान में कुछ वीडियो आए हैं जिनमें सोलापुर में मेरी पुलिस अफसरों से हुई बातचीत दिखाई जा रही है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मेरा इरादा कानून व्यवस्था में दखल देना नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि हालात शांत रहें और किसी तरह से न बिगड़ें।
डिप्ही सीएम ने कहा- मैं पुलिस बल और अफसरों की इज्जत करता हूं। खास कर उन महिला अफसर की जो साहस और ईमानदारी से सेवा करती हैं। मेरे मन में उनके लिए गहरा सम्मान है। मेरे लिए कानून का राज सबसे ऊपर है। मैं पारदर्शी शासन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं और भरोसा दिलाता हूं हर तरक के गैरकानूनी कम, चाहे वह रेत खनन ही क्यों न हो, कानून के मुताबिक सख्ती से निपटाई जाएगी।
अजित पवार का वीडियो वायरल
इससे पहले शुक्रवार को अजित पवार का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में पवार महिला IPS अफसर अंजना कृष्णा से कह रहे थे– आपको इतना डेरिंग हुआ है क्या? मामला सोलापुर जिले के कुर्दू गांव का है, जहां अफसर अवैध मुरम खनन पर कार्रवाई करने पहुंची थीं। गांव में NCP कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। इस बीच, NCP नेता बाबा जगताप ने पवार को फोन लगा दिया। कॉल पर अफसर ने कहा– क्या आप मुझे डायरेक्ट कॉल कर सकते हैं? इसी पर पवार भड़क उठे और तुरंत एक्शन रोकने के लिए कहा।
मैं खुद बात कर रहा हूं- पवार
वीडियो में सुना जा सकता है कि पवार अफसर से कहते हैं– मैं खुद बात कर रहा हूं और आप कह रही हैं डायरेक्ट कॉल करो। एक मिनट, मैं आपके खिलाफ एक्शन लूंगा। बाद में पवार ने वीडियो कॉल करके खुद को दिखाया और कहा कार्रवाई रोक दो। अफसर ने जवाब दिया कि उन्हें पहचान नहीं पाई। यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है।
सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा- विपक्ष
वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी पार्टियों ने अजित पवार पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। शिवसेना नेताओं ने कहा पुलिस अफसर ईमानदारी से कार्रवाई कर रही थीं, लेकिन मंत्री ने दबाव बनाकर उसे रुकवाया। कांग्रेस और शिव सेना नेताओं ने कहा कि यह दिखाता है कि अफसरों पर राजनीतिक दबदबा किस हद तक है। सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने पवार को घेरा और IPS अंजना कृष्णा की तारीफ की कि उन्होंने बिना डरे अपना काम किया।
अजित दादा अवैध खनन के पक्ष में नहीं- सुनील तटकरे
NCP ने अपने नेता का बचाव किया। पार्टी चीफ सुनील तटकरे ने कहा–अजित दादा ने अफसर को डांटा जरूर, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह अवैध खनन के पक्ष में थे। उन्होंने सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं को शांत कराने के लिए ऐसा कहा। प्रवक्ता आनंद परांजपे ने कहा– वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। अजित पवार कभी गैरकानूनी काम का समर्थन नहीं करते। पार्टी का दावा है कि बयान का गलत मतलब निकाला गया।

