MP में कांग्रेस विधायक के बेटे पर FIR: बिना नंबर प्लेट की कार चला रहा था, पुलिसकर्मी ने रोका तो कुचलने की कोशिश की
Published:
2 min read

कांग्रेस विधायक सेना पटेल के बेटे पर केस दर्ज
मध्यप्रदेश के जोबट सीट से कांग्रेस विधायक सेना महेश पटेल के बेटे पर पुलिसकर्मी की हत्या की कोशिश के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि कांग्रेस विधायक के बेटे पुष्पराज बिना नंबर प्लेट SUV कार चला रहे थे, जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो पुष्पराज ने कार से कुचलने की कोशिश की।
दरअसल, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अलीराजपुर के बस स्टैंड के पास दो पुलिसकर्मी गस्त दे रहे थे। एक तेज रफ्तार SUV कार आती दिखाई दी, जिसपर नंबर प्लेट नहीं थी। कॉन्स्टेबल ने जब कार चला रहे शख्स को रोकने का इशारा किया तो विधायक के बेटे ने कार पुलिसकर्मी की तरफ मोड दी और कार से कुचलने की कोशिश की। इससे पुलिसकर्मी घायल हो गया।
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि जैसे ही कार पुलिस बैरिकेड के पास आई कॉन्स्टेबल ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन विधायक के बेटे ने बैरिकेड तोड़ते हुए कार पुलिसवालों की तरफ ही मोड़ दी। पुलिसवालों ने किसी तरह से अपनी जान बचाई। इसके बाद कार बिजली के खंभे में टकरा गई।
गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन
एसपी राजेश व्यास ने बताया, आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम का गठन कर दिया है। हमने वीडियो पर संज्ञान लिया है। कार तेज स्पीड में थी और कार ने लगभग पुलिसकर्मी को टक्कर मार ही दी थी। तेज रफ्तार कार से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर दी गई है।
पिती बोले यह राजनीतिक साजिश
उधर, पुष्पराज के पिता महेश पटेल ने कहा, यह राजनीतिक कार्रवाई है। यह एक दुर्घटना थी, राजनीतिक दबाव में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि गाड़ी सीधे आ रही थी।

