ऑनलाइन गेम एडिक्शन के चलते खुदकुशी: लखनऊ की घटना, 12वीं के स्टूडेंट ने सुसाइड नोट में लिखा- आप मेरी गेमिंग से परेशान हैं, मम्मी-पापा अपना ख्याल रखना
Published:
2 min read

लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन और विनियमन विधेयक 2025 बिल पास हो गया है। इससे गेमिंग पर लगाम लग सकेंगी (सिम्बॉलिक इमेज)
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गुरुवार 21 अगस्त को 18 साल के लड़के ने सुसाइड कर लिया। गोमती नगर एक्सटेंशन इलाके में यह घटना हुई है। 12वीं के स्टूडेंट ने ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरे में फांसी लगा ली। आरोप है कि ऑनलाइन गेम के एडिक्शन की वजह से स्टूडेंट ने खुदकुशी की। सुसाइड नोट में उसने पढ़ाई मे आ रही दिक्कतों के साथ ऑनलाइन गेम के एडिक्शन के बारे में लिखा।
ये घटना तब हुई जब गुरुवार (21 अगस्त) को ही संसद ने ऑनलाइन मनी गेम्स पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून को मंजूरी दी है।
पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पा रहा था स्टुडेंट
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्टूडेंट अपनी पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पा रहा था। गेमिंग की अपनी लत छोड़ना चाहता था, लेकिन कई बार ट्राई करने के बाद भी नहीं छोड़ पाया।
‘मम्मी-पापा एक दूसरे का ख्याल रखना’
लड़के ने इंग्लिश में सुसाइड नोट लिखा। इसमें कहा- आप सब मेरी गेमिंग से परेशान हैं। इस नोट में उसने चिंता जताई कि गेम में उसे फाइनेंशियल नुकसान होगा, जिसकी वजह से उसका परिवार दिक्कतों में आ जाएगा। स्टूडेंट ने अपनी मौत का जिम्मेदार किसी को नहीं ठहराया। उसने अपने मम्मी-पापा से आग्रह किया मेरे जाने के बाद एक दूसरे का ख्याल रखना।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ब्रज नारायण सिंह ने कहा- टीनएजर लंबे समय से ऑनलाइन गेम का एडिक्टेड था। शुरु में गेम का पेड वर्जन खेलना शुरू किया। पैसे खत्म होने के बाद फ्री वर्जन खेलना शुरू किया। पुलिस जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ऑनलाइन गेम्स बंद हो जाएंगे
लोकसभा और राज्यसभा में ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन और विनियमन विधेयक 2025 बिल पास हो गया है। अब इसे राष्ट्रपति की सहमति मिलना बाकी है। राष्ट्रपति की सहमति के बाद सभी ऑनलाइन मनी गेम बंद हो जाएंगे। आसान भाषा में कहें तो जिस भी गेम में कुछ पैसे लगा कर अधिक पैसे और गिफ्ट्स जीतने का लालच दिया जाता है। जिन गेम्स की लत लग जाती है और मेंटल हेल्थ पर बुरा प्रभाव पड़ता है। ऐसे सभी गेम को बैन कर दिया जाएगा।

