'तेजस्वी भटक रहे, वोट चोरी पर समय बर्बाद कर रहे राहुल गांधी': तेज प्रताप ने पूछा- लोकतंत्र बचाने निकले हैं या तार-तार करने, CM बनने की भी जताई इच्छा
Published:
3 min read

तेज प्रताप यादव ने नई पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' बनाई।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने नई पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' बनाने का ऐलान किया है। इस पार्टी से ही 2024 लोकसभा चुनाव में तेज प्रताप के करीबी बालेंद्र दास चुनाव लड़े थे। नई पार्टी के ऐलान के बाद तेज प्रताप यादव ने खुद सीएम बनने की इच्छा जताई और अपने भाई तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा।
तेज प्रताप यादव ने कहा, पहले मैं तेजस्वी को सीएम बनाने के लिए कहता था। लेकिन अब वो उस लाइन पर नहीं जा रहे हैं। वे धीरे धीरे भटक रहे हैं। तेज प्रताप ने कहा, वोट चोरी के मुद्दे पर तेजस्वी और राहुल यादव यात्रा निकाल रहे हैं। लेकिन इससे कुछ होना जाना नहीं है। मुद्दा होना चाहिए- शिक्षा का, स्वास्थ्य और बेरोजगारी का। ये लोग अपना समय बर्बाद कर रहे हैं।
पत्रकार से मारपीट का मुद्दा भी उठाया
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, मुझे समझ नहीं आ रहा है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव लोकतंत्र बचाने के लिए निकले हैं या फिर लोकतंत्र को तार-तार करने निकले हैं। क्योंकि जिस प्रकार से नबीनगर विधानसभा से विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह के गाड़ी चालक को और उसके साथ एक मीडिया पत्रकार भाई को 'जयचंद' द्वारा मारा-पीटा और गाली गलौज किया गया है, यह बेहद ही गलत और शर्मनाक है। मैं इसकी कड़ी आलोचना करता हूँ।
तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई से कहा- मैं तेजस्वी को कहना चाहता हूं अभी भी समय है। अपने आस पास के जयचंदो से सावधान हो जाओ नहीं तो चुनाव में बहुत बुरा परिणाम देखने को मिलेगा। अब आप कितने समझदार हैं, यह चुनाव परिणाम तय कर देगा।
लालू यादव ने परिवार और पार्टी से निकाला
तेज प्रताप ने 2015 में सियासत में एंट्री की थी। वे चुनाव जीते और पहली बार में ही कैबिनेट मंत्री भी बने। 2018 में उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या से शादी की। हालांकि, सिर्फ 5 महीने बाद ही तलाक की अर्जी लगा दी।
मई में तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ फोटो शेयर की थी। इस महिला का नाम अनुष्का यादव है। तेज ने माना था कि वो अनुष्का के साथ रिलेशन मे हैं। कुछ समय बाद तेज ने पोस्ट डिलीट कर दिया। बाद में सफाई दी कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। इस घटना के चलते लालू प्रसाद यादव और परिवार तेज से नाराज हो गया। लालू ने तेज प्रताप परिवार और पार्टी से बेदखल कर दिया।
बाद में तेज ने RJD से निकाले जाने पर बयान दिया। कहा- हम दोनों भाइयों (तेज प्रताप और उनके छोटे भाई तेजस्वी) के बीच दरार डालने की साजिश की गई है।

