मृत बच्चे की बॉडी झोले में रखकर DM ऑफिस पहुंचा: प्रेग्नेंट महिला छटपटाती रही..अस्पताल वाले पैसा मांगते रहे
Published:
2 min read

मामला यूपी के लखीमपुर खीरी का है।
यूपी के लखीमपुर खीरी में एक व्यक्ति अपने मृत बच्चे की लाश को झोले में रखकर DM ऑफिस पहुंचा। उसने शहर के एक निजी हॉस्पिटल पर पैसे के लिए ट्रीटमेंट में देरी का आरोप लगाया। विपिन गुप्ता नाम के इस शख्स ने कहा कि अस्पताल वालों ने पैसों के नाम पर इलाज में देरी की। इससे उसका बच्चा बच नहीं सका। इतना ही नहीं, हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने प्रेग्नेंट महिला को हॉस्पिटल से बाहर भी निकाल दिया।
महिला छटपटाती रही, हॉस्पिटल वाले पैसा मांगते रहे
विपिन गुप्ता ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा- मैं अपनी पत्नी को हॉस्पिटल लेकर आया। उन्होंने कहा कि नॉर्मल डिलीवरी में 10000 लगेंगे, वहीं सी-सेक्शन डिलीवरी के लिए 12000 देने होंगे। मैंने रात में तकरीबन 2.30 बजे पैसों का बंदोबस्त कर दिया। मेरी बीवी काफी ज्यादा दर्द में थी। उसका दर्द जितना बढ़ता, हॉस्पिटल वाले उतना ही चार्ज बढ़ाते जा रहे थे।
मैंने उनसे कहा कि अगर आप लोगों से नहीं हो पा रहा है, तो क्लियर बता दीजिए। मैं उसे कहीं और लेकर चला जाऊंगा। लेकिन, वे हमें रेफर भी नहीं कर रहे थे। ऊपर से सिर्फ पैसे बढ़ाने की बात करते रहे। मैंने कहा कि कम से कम डिलीवरी प्रॉसेस स्टार्ट तो करिए, मैं और पैसे लेकर आता हूं। उन्होंने कहा कि पहले पैसे लाइए फिर इलाज करेंगे। यहां तक उन्होंने मेरी बीवी को धक्के मारकर सड़क पर कर दिया।
आखिरकार मेरा बच्चा मर गया। मैं न्याय की उम्मीद में उसकी बॉडी झोले में लेकर DM हाउस पहुंचा।
हॉस्पिटल सील, पेशेंट को बेहतर इलाज के लिए दूसरी जगह भेजा
इस मामले के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। सबसे पहले उस प्राइवेट हॉस्पिटल को सील किया गया। वहां जांच के लिए CMO अपनी टीम के साथ पहुंचे। इसके बाद DM के निर्देश के बाद विपिन की पत्नी को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया।

