लद्दाख की बर्फीली सीमा पर अब 'हिमालयी कुत्तों' की तैनाती: 14 हजार फीट ऊंचाई से चीनी घुसपैठ पर रखेंगे नजर, स्क्वॉड में अटैक डॉग्स भी शामिल
Published:
3 min read

पिछले कुछ वक्त से हिमालयी नस्लों को खास तौर पर हाई-एल्टीट्यूड बॉर्डर ड्यूटी के लिए तैयार किया जा रहा है। इसकी बड़ी वजह यह है कि इन नस्लों को ठंडे मौसम और पहाड़ी इलाकों में रहने की आदत होती है। (तस्वीर सांकेतिक है।)
नेशनल डेस्क। लद्दाख में भारत-चीन सीमा यानी LAC पर निगरानी और सुरक्षा अब सिर्फ जवानों और हथियारों तक सीमित नहीं है। भारतीय सेना और ITBP ने ऊंचाई वाले इलाकों में खास तौर पर ट्रेन किए गए कुत्तों को भी तैनात किया है। इनमें लद्दाख और हिमालयी इलाकों में पाए जाने वाले बखरवाल और तिब्बती मास्टिफ जैसे कुत्ते शामिल हैं।
इन कुत्तों को ठंड और ऊंचाई वाले मौसम में काम करने के लिए ट्रेनिंग दी गई है। ये डॉग्स 14 हजार फीट की ऊंचाई पर संवेदनशील इलाकों में तैनात किए गए हैं।
घुसपैठ की आहट मिलते ही जवानों को अलर्ट करेंगे
'टेलीग्राफ' ने कुछ अधिकारियों के हवाले से लिखा है कि लद्दाख के स्थानीय कुत्तों को सेना ने इस तरह ट्रेन किया है कि अगर बॉर्डर के पास कोई संदिग्ध हलचल होती है तो वे वहां तैनात जवानों को अलर्ट कर सकें।
इन कुत्तों का इस्तेमाल खास तौर पर उन इलाकों में किया जा रहा है, जहां मौसम और ऊंचाई की वजह से निगरानी करना मुश्किल होता है। यानी बर्फीले और दुर्गम इलाकों में ये कुत्ते जवानों के लिए एक्स्ट्रा ‘सेंसर’ की तरह काम कर रहे हैं।

सेना में सिर्फ विदेशी नस्लें ही नहीं
भारतीय सेना में लंबे समय से German Shepherd, Belgian Malinois, Labrador Retriever और Great Swiss Mountain Dog जैसी नस्लों का इस्तेमाल होता रहा है।
लेकिन लद्दाख जैसे बेहद ठंडे और ऊंचे इलाकों में काम करने के लिए अब हिमालयी नस्लों पर जोर दिया जा रहा है। इन कुत्तों की ट्रेनिंग मेरठ स्थित Remount and Veterinary Corps (RVC) Centre and College में होती है।
ITBP ने अटैक डॉग्स तैनात किए
ITBP ने LAC पर Belgian Malinois जैसी नस्ल के कुत्ते तैनात किए हैं। इन्हें हरियाणा के पंचकूला स्थित ITBP की ट्रेनिंग अकादमी में तैयार किया गया है। ट्रेनिंग के बाद इन्हें विमान के जरिए लद्दाख पहुंचाया गया। संवेदनशील ठिकानों पर तैनात ये कुत्ते जरूरत पड़ने पर पेट्रोलिंग टीम पर हमला करने वाले दुश्मन सैनिकों को रोकने में मदद कर सकते हैं।

चीन ने भी तैनात किए भारी-भरकम कुत्ते
ITBP से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक, चीन की तरफ से भी बॉर्डर पर Molosser dogs तैनात किए गए हैं। ये भारी शरीर और मजबूत बनावट वाले कुत्ते होते हैं और निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।
इसके अलावा रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि चीन ने पहाड़ी इलाकों में निगरानी और पेट्रोलिंग के लिए रोबोटिक डॉग्स का इस्तेमाल शुरू किया है।
यह भी पढ़ें...

