कुमार विश्वास की पत्नी का राजस्थान लोक सेवा आयोग से इस्तीफा: SI पेपर लीक में आया था नाम, ACB ने क्लीनचिट दी थी
Published:
2 min read

कुमार विश्वास की पत्नी मंजू शर्मा ने कहा- उनके खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं है, सिर्फ पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस्तीफा दिया। (इमेज क्रेडिट- सोशल मीडिया)
कुमार विश्वास की पत्नी मंजू शर्मा ने राजस्थान लोक सेवा आयोग की सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया। मंजू शर्मा का नाम SI भर्ती पेपर लीक में आया था। ACB की टीम ने एक साल पहले उनसे इस मामले में पूछताछ भी की थी। आरोप है कि मंजू शर्मा के नाम पर घूस मांगी गई थी। हाईकोर्ट ने इस भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया था।
उधर, मंजू शर्मा ने इस्तीफा देने के बाद कहा, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उन्होंने इस्तीफा दिया है। उनके खिलाफ इस मामले में कोई भी जांच लंबित नहीं है। इस मामले में जो आरोप लगे हैं, उससे मेरी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
क्या है मामला
दरअसल, राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जुलाई 2023 में कांग्रेस नेता गोपाल केसावत समेत चार लोगों को 18 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों ने कैंडिडेट की OMR सीट बदलवाकर पास कराने के नाम पर ये रिश्वत ली थी।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि उन्होंने रिश्वत मांगते समय RPSC की सदस्य मंजू शर्मा और संगीता आर्य का नाम लिखा था। इस मामले में एसीबी ने अपनी FIR में भी दोनों का नाम लिखा था। इसके बाद दोनों से पूछताछ हुई और मामले में उनकी भूमिकाओं की जांच भी हुई थी। लेकिन बाद में दोनों को क्लीन चिट दे दी गई। एसीबी ने कहा था, इस मामले में कुमार विश्वास की पत्नी मंजू शर्मा और संगीता आर्य की कोई भूमिका नहीं मिली।

