मोदी कैबिनेट के फैसले-2170: कोटा-बूंदी में बनेगा नया एयरपोर्ट, भुवनेश्वर में 6 लेन बायपास को मंजूरी
Published:
2 min read

कैबिनेट ने ओडिशा के भुवनेश्वर में 6 लेन बायपास के निर्माण की मंजूरी दी है।
मोदी कैबिनेट ने मंगलवार को राजस्थान में कोटा-बूंदी में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की मंजूरी दी है। इसका निर्माण 1507 करोड़ से किया जाएगा। कैबिनेट ने ओडिशा के भुवनेश्वर में बायपास के लिए 830.74 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। 6 लेन बायपास 110.87 किमी बनेगा।
कोटा-बूंदी में बनेगा एयरपोर्ट
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट ने 1,507 करोड़ रुपए की लागत से राजस्थान में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट कोटा-बूंदी के विकास को मंजूरी दे दी है। कोटा एक औद्योगिक और शिक्षा केंद्र है, एक आधुनिक हवाई अड्डे की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मौजूदा हवाई अड्डा छोटा है, जिसका आधुनिकीकरण किया गया है और अब एक नया ग्रीन फील्ड हवाई अड्डा विकसित किया जाएगा। टर्मिनल बिल्डिंग 3200 मीटर लंबे रनवे के साथ 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में होगी। एयरपोर्ट में 20 लाख यात्रियों की क्षमता होगी। 2 साल के अंदर इसे पूरा करने का हम लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
अब देश में 162 एयरपोर्ट
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 2014 से पहले 74 ऑपरेशनल एयरपोर्ट थे। 16.8 करोड़ लोग हवाई सफर करते थे। अब 2025 में 162 ऑपरेशनल एयरपोर्ट हैं। 41.2 करोड़ लोग हवाई सफर कर चुके हैं।
भुवनेश्वर में 6 लेन बायपास की मंजूरी
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कैबिनेट ने ओडिशा में हाइब्रिड एन्युइटी मोड (HAM) पर 8307.74 करोड़ रुपये की लागत से 6-लेन भुवनेश्वर बाईपास (एक्सेस-कंट्रोल्ड कैपिटल रीजन रिंग रोड 110.875 Km) के निर्माण को मंजूरी दी है। अभी मौजूदा नेशनल हाईवे पर रामेश्वर से तांगी के बीच भीड़भाड़ है।
खोरधा, भुवनेश्वर और कटक से होकर गुजरने वाले हैवी ट्रैफिक के कारण काफी भीड़भाड़ रहती है। इन चुनौतियों का समाधान करने के लिए 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड राजमार्ग के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। यह प्रोजेक्ट कटक, भुवनेश्वर और खोरधा शहरों से भारी व्यावसायिक यातायात को हटाकर ओडिशा और अन्य पूर्वी राज्यों के लिए सुगमता प्रदान करेगा।

