कोलकाता गैंगरेप- आरोपी कॉलेज में फर्जी एडमिशन दिलवाता था: इसके बदले 50 हजार से 3 लाख तक वसूलता था
Published:
3 min read

मनोजीत मिश्रा कोलकाता लॉ कॉलेज का पूर्व छात्र है।
कोलकाता लॉ स्टूडेंट से रेप का मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा कॉलेज में फर्जी एडमिशन करवाता था। वो पैसे लेकर छात्रों को बैकडोर से एडमिशन दिलवा देता था। इसके लिए एक कैंडिडेट्स से 50 हजार से लेकर 3 लाख तक वसूलता था।
वो हर साल 10 से 15 स्टूडेंट्स को फर्जी तरीके से एडमिशन दिलवा देता था। जिन स्टूडेंट्स का दाखिला करवाता, वो आगे जाकर उसकी टोली में शामिल हो जाते थे। गैंगरेप में शामिल दो लड़कों में से एक का एडमिशन भी मनोजीत ने ही करवाया था।
बता दें, 27 जून को मनोजीत ने कोलकाता लॉ कॉलेज के कैंपस में एक 24 साल की स्टूडेंट से रेप किया था। मनोजीत के दोनों साथियों ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया था। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
स्टूडेंट्स को जाल में फंसाता था
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मनोजीत दाखिला लेने आए छात्रों से बातचीत कर दोस्ती करता फिर एडमिशन दिलाने का लालच देता था। उसी कॉलेज के एक सेकेंड ईयर स्टूडेंट ने कहा, ‘जब मैं एडमिशन के लिए कॉलेज आया, तब मनोजीत ने मुझसे कहा कि अगर कोई और लॉ पढ़ना चाहता है तो उसे मेरे पास भेज देना, बस पैसे देने होंगे।

जिन्हें एडमिशन मिलता, वो मनोजीत के लिए काम करते
एक स्टूडेंट ने बताया कि मनोजीत और उसके साथी चाय की दुकान पर खड़े रहते थे। जिन छात्रों की रैंक कम थी या जो एडमिशन के लिए परेशान थे, उन्हें पैसे लेकर सीट दिलाने का वादा करते थे। यह सिलसिला हर साल चलता था। जिन छात्रों को एडमिशन मिल जाता, वे आगे चलकर मनोजीत के लिए काम करने लगते थे। अगली बार वे भी नए छात्रों को फंसाने थे। इस तरह शोषण का क्रम हर साल चलता था।
कॉलेज नियम के मुताबिक, एडमिशन के लिए लॉ एंट्रेंस टेस्ट में टॉप 500 रैंक आनी चाहिए। लेकिन कई बार 2000 से भी ऊपर रैंक वाले छात्रों को भी एडमिशन मिल जाता था। गैंगरेप केस में एक और आरोपी जैब अहमद की रैंक 2634 थी, फिर भी मनोजीत ने उसका एडमिशन करा दिया था।
मनोजीत सिर्फ फर्जी एडमिशन सेे ही नहीं, बल्कि कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और फेस्ट के नाम पर भी छात्रों से पैसे ऐंठता था।

अब 27 जून को क्या हुआ, जानिए..
कोलकाता में 27 जून को लॉ कॉलेज में एक स्टूडेंट से गैंगरेप की घटना सामने आई। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, मनोजीत सहित 3 लोगों ने कॉलेज कैंपस में उसके साथ रेप और बदसलूकी की।
मनोजीत पर आरोप है कि उसने 24 साल की स्टूडेंट से कॉलेज के गार्डरूम में रेप किया। बाकी दोनों आरोपी दरवाजे पर निगरानी रख रहे थे। उन्होंने दुष्कर्म करते वक्त वीडियो भी बनाया। विरोध करने पर पीड़िता को हॉकी स्टिक से मारा भी गया।
इस मामले में तीनों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। तीनों को 10 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में रखा गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो मनोजीत ने रेप के आरोपों से इनकार किया है। उसने कहा कि जो भी हुआ, दोनों की सहमति से हुआ था। मेडिकल रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि पीड़िता के साथ जबरदस्ती यौन संबंध बनाए गए थे।

