'हमारी खोपड़ी सनकी तो एक के बाद एक ब्रह्मोस चलेगी': बिलावल भुट्टो के बयान पर मिथुन चक्रवर्ती का पलटवार, बोले- बांध बनाकर 140 करोड़ भारतीय... तो PAK में सुनामी आ जाएगी
Published:
3 min read

बिलावल भुट्टो की धमकी पर मिथुन चक्रवर्ती ने ली चुटकी
एक्टर और BJP नेता मिथुन चक्रवर्ती ने पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की धमकी पर पलटवार किया। मिथुन ने कहा, अगर ऐसी बातें करते रहेंगे और हमारी खोपड़ी सनक गई,तो फिर एक के बाद एक ब्रह्मोस चलेंगी।
दरअसल, बिलावल भुट्टो ने कहा था कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाता है तो दोनों देशों के बीच जंग होगी। बिलावल का ये बयान पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर की परमाणु हमले की धमकी के एक दिन बाद आया।
मिथुन चक्रवर्ती ने ली चुटकी
मिथुन चक्रवर्ती ने बिलावल के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा, हम लोग सोचे रहे हैं, एक डैम बनाएंगे और 140 करोड़ लोग वहां यूरिन पास करेंगे और डैम खोल देंगे, कोई गोली नहीं चलेगी और सुनामी आ जाएगी। मैं पाकिस्तान के आवाम के खिलाफ कुछ नहीं बोल रहा हूं। ये सिर्फ बिलावल भुट्टो के लिए है।
बिलावल भुट्टो ने क्या कहा था
बिलावल भुट्टो जरदारी ने सिंधु जल संधि को रोकने के लिए भारत को चेतावनी दी थी। बिलावल ने इसे पाकिस्तान के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता पर हमला बताया। बिलावल भुट्टो ने कहा, PM नरेंद्र मोदी की सिंधु नदी पर जल परियोजना से पाकिस्तान की जल सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा, अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाता है तो दोनों देशों के बीच जंग होगी। उन्होंने दावा किया कि मई में सैन्य लड़ाई में भारत की हार हुई थी।
पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि पर भारत ने लगाई रोक
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद भारत ने अप्रैल में 1960 की सिंधु जल संधि समझौता को निलंबित कर दिया था। भारत सरकार ने कहा था, पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।
आसिम मुनीर ने दी धमकी
आसिम मुनीर अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान फ्लोरिडा के टाम्पा में पाकिस्तानी-अमेरिकियों को संबोधित करते हुए मुनीर ने भारत को धमकी दी थी। उन्होंने कहा था, अगर भारत के साथ संघर्ष में हमारे अस्तित्व को खतरा हुआ तो हम इस क्षेत्र को परमाणु युद्ध में बदल देंगे और आधी दुनिया को तबाह कर सकते हैं।
इतना ही नहीं मुनीर ने कहा था, अगर भारत सिंधु नदी पर बांध निर्माण का काम जारी रखता है तो इस्लामाबाद अपने जल अधिकारों की हर कीमत पर रक्षा करेगा। हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वे ऐसा करेंगे तो हम उसे नष्ट कर देंगे।

