कोलकाता से बांग्लादेशी एक्ट्रेस गिरफ्तार: 2 आधार कार्ड, वोटर आईडी और राशन कार्ड समेत कई फर्जी दस्तावेज मिले, खुद को बंगाली-तेलुगु फिल्मों की हीरोइन बताती थी
Published:
2 min read

एक्ट्रेस शांता पॉल को लालबाजार जासूसी विभाग ने गिरफ्तार किया।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता से बांग्लादेश की एक्ट्रेस शांता पॉल को भारतीय दस्तावेज रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पॉल के पास से भारतीय आधार कार्ड और वोटर आईडी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, शांता पॉल को लालबाजार जासूसी विभाग ने गिरफ्तार किया। पॉल ने बांग्लादेश में कई मॉडलिंग कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया और जीते। वह 2023 से जाधवपुर के बिजॉयनगर में रह रही थी। गिरफ्तारी के बाद जब पॉल के घर की तलाशी ली गई तो उसके पास कई दस्तावेज मिले। इनमें बांग्लादेशी सेकेंडरी एग्जाम का एडमिट कार्ड, बांग्लादेश में जारी एयरलाइन आईडी, दो आधार कार्ड शामिल हैं। एक आधार कार्ड कोलकाता का है और दूसरा बर्धमान का है। पुलिस ने बताया कि बर्धमान का आधार कार्ड 2020 में जारी हुआ है।
लगातार पता बदलती रही एक्ट्रेस
पॉल ने कुछ समय पहले ही ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन उसने वहां अपना पता अलग अलग बताया था। पुलिस के मुताबिक, वह बार-बार अपना पता बदलती रहती थीं और अलग-अलग पहचानों से रहती थीं। वह ऐप-कैब सर्विस में शामिल होने की वजह से रडार पर आई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पॉल ने उसके पास भारतीय दस्तावेज होने को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में बड़ा रैकेट शामिल है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कैसे ये दस्तावेज बनवाए गए और इन्हें बनवाने के लिए और किन किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
पति के खिलाफ भी जांच जारी
पुलिस ने UIDAI, चुनाव आयोग और स्टेट फूड डिपार्टमेंट से संपर्क किया ताकि आधार कार्ड, वोटर आईडी और राशन कार्ड का वेरिफिकेशन किया जा सके।
शांता पॉल बांग्लादेश के बरिशल की रहने वाली है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 8 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पॉल के पति के खिलाफ भी जांच में जुट गई है। शांता पॉल का पति आंध्र प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन उसके माता-पिता कोलकाता में ही रहते हैं। 2019 में शांता पॉल ने केरल में हुए मिस एशिया ग्लोबल कंपटिशन में भी हिस्सा लिया था। कुछ समय पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया था कि वह बंगाली और तेलुगु फिल्मों में काम करती है।

