5 इंटरनेशनल ट्रिप..फिर एक रोड शो से चुनाव नहीं जीते जाते: रिजिजू का राहुल पर तंज; बोले- देश के खिलाफ बोलकर सच्चे राजनेता नहीं बन सकते
Published:
2 min read

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 5 इंटरनेशनल ट्रिप और उसके बाद एक रो शो करके आप इलेक्शन नहीं जीत सकते। रिजिजू का इशारा राहुल की वोटर अधिकार यात्रा की तरफ था।
राहुल गांधी इस दिनों बिहार में कथित वोट चोरी के खिलाफ यात्रा निकाल रहे हैं। 17 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा 1 सितंबर को खत्म होगी।
भारत के खिलाफ बोलकर सच्चे राजनेता भी नहीं बन सकते
राहुल गांधी ने कुछ वक्त पहले संसद में कहा कि वो बीजेपी को गुजरात में हराएंगे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। रिजिजू ने उसी वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- राहुल ने कहा कि वे गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट, दिल्ली और मध्य प्रदेश में इलेक्शन जीत जाएंगे।
लेकिन, उन्हें यह बात समझनी पड़ेगी कि एक रोड शो और 5 इंटरनेशनल ट्रिप से चुनाव नहीं जीते जाते। साथ ही, भारत के हितों के खिलाफ बोलकर आप सच्चे राजनेता भी नहीं बन पाएंगे।

राहुल ने कहा था- बीजेपी वोट चोरी कर सालों सत्ता में रहेगी
दरअसल, राहुल ने वोटर अधिकार यात्रा के दौरान अमित शाह के एक स्टेटमेंट का जिक्र किया। राहुल ने कहा, ‘अमित शाह कहते हैं कि बीजेपी अगले 40 साल तक सत्ता से बाहर नहीं जाएगी। राजनीति में तो कल क्या होगा, ये किसी को पता नहीं होता, फिर अमित शाह इतनी बड़ी भविष्यवाणी कैसे कर सकते हैं। इसका मतलब है कि वो वोट चोरी करेंगे। बिना इसके इतने दिन सत्ता में कैसे रह सकते हैं।’
राहुल गांधी इस यात्रा के जरिए बिहार वोटर लिस्ट रिवीजन का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए इलेक्शन कमीशन को आड़े हाथ लिया है।

