पंजाब के बाद केरल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में हिंसा: पत्थर-बीयर की बोतलें फेंकी, आगजनी की; CEC के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भिड़े SFI और यूथ कांग्रेस के स्टूडेंट
Published:
3 min read

केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में यूथ कांग्रेस और SFI कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हो गई।
नेशनल डेस्क. केरल के तिरुवनंतपुरम में एक यूनिवर्सिटी हॉस्टल में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और यूथ कांग्रेस के स्टूडेंट में हिंसक झड़प हो गई। इसके बाद दोनों गुटों ने एक दूसरे पर पथराव किया, बीयर की बोतलें फेंकी और आगजनी भी की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने हॉस्टल में घुसकर स्टूडेंट पर लाठीचार्ज किया। इसमें कई स्टूडेंट घायल भी हुए हैं। इसके विरोध में SFI ने पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन बुलाया है।
विपक्ष के नेता और केरल के पूर्व सीएम पी विजयन समेत कई वामपंथी नेताओं ने पुलिस से निष्पक्ष तरीके से काम करने और लेफ्ट स्टूडेंट्स को निशाना न बनाने की चेतावनी भी दी है।
क्यों भड़की हिंसा
दरअसल, ये हिंसा बुधवार शाम करीब 7.30 बजे शुरू हुई। यूथ कांग्रेस ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकाला था। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि इस दौरान मार्च पर हॉस्टल से पत्थर, बीयर की बोतलें और पेट्रोल बम फेंके गए। वहीं, SFI का आरोप है कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल में जलती हुई मशालें फेंकी। इसके बाद दोनों ओर से पथराव होने लगा।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान केरल लॉ एंड ऑर्डर चीफ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा- इस तरह की हिंसा करने का कोई ठोस कारण नहीं था। स्थिति नियंत्रण में आने तक मैं यहीं रहूंगा और स्थिति नियंत्रण में आने के बाद हिंसा की वजह और इसके पीछे के लोगों का पता लगाने की जांच की जाएगी।
SFI ने पुलिस पर आरोप लगाया
SFI ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना किसी वजह के हमारे स्टूडेंट्स पर हमला किया। SFI ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। CPI(M) नेता पी विजयन ने घटना को एकतरफा हमला करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस ने हॉस्टल में स्टूडेंट्स को निशाना बनाया। उन्होंने कहा- SFI ने हिंसा को नहीं उकसाया था। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल में घुसकर हमला किया। ये साजिश के तहत किया गया हमला है।
उन्होंने कहा- घायल स्टूडेंट्स को अस्पताल जाने से रोका गया। उनपर दोबारा हमला किया गया। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे छात्रों को फिर निशाना बनाया गया।
पंजाब की LPU यूनिवर्सिटी में भी हुई हिंसा
27 सितंबर 2026 को पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट से रेप और मौत की अफवाह फैलने के बाद हिंसा फैल गई थी। इस दौरान यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। इतना ही नहीं यूनिवर्सिटी के मॉल में भी लूटपाट की गई। इस घटना को लेकर कांग्रेस और बीजेपी ने सत्ताधारी AAP पर निशाना साधा है।

