केरल- चोर ने मंगलसूत्र चुराया..फिर मन बदला: लौटाते हुए लिखा- इसे देखकर उलझन हो रही..दुख देने के लिए माफी
Published:
2 min read

घटना केरल की है। चोर ने मंगलसूत्र के साथ मलयालम में सॉरी नोट छोड़ा। फोटो क्रेडिट- मनोरमा।
केरल के पोइनाची से एक अजब-गजब खबर सामने आई है। वहां चोर ने पहले सोने का मंगलसूत्र चुराया, फिर कुछ दिनों बाद वापस कर दिया। चोर ने मंगलसूत्र के साथ एक नोट लिखकर माफी भी मांगी। दरअसल, 4 अगस्त को एम. गीता नाम की एक महिला बस में ट्रैवल करके घर लौटी तो पता चला कि उसका मंगलसूत्र गायब है। गीता ने तुरंत शिकायत दर्ज कराई, साथ ही चोरी वाली बात को कई व्हॉट्सएप ग्रुप में फैला दिया।
व्हॉट्सएप मैसेज देख हुआ ह्रदय परिवर्तन
महिला को हाल ही में घर के बरामदे में चोरी हुआ मंगलसूत्र मिल गया। उसके साथ एक नोट भी पड़ा था। नोट में लिखा था- पहले मुझे खुश हुई लेकिन बाद में इसे देखकर नेगेटिव फील होने लगा। मुझे अजीब सी उलझन होने लगी।
मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं इसका क्या करूं। तभी मैंने व्हॉट्सएप पर एक मैसेज देखा। पता चला कि ये तो शादी का मंगलसूत्र है। तब तो और भी उलझन होने लगी। मैं नहीं चाहता था कि इसकी वजह से किसी का नुकसान हो। मैं अपनी पहचान जाहिर नहीं करना चाहता। माफ करिएगा कि मैंने इतने दिनों तक इसे अपने पास रखा। आपको दुख देने के लिए माफी।

