केरल की लॉज में गर्लफ्रेंड के साथ था पति: पत्नी ने लोकेशन ट्रेस कर भेजी नकली पुलिस, महिला से गैंगरेप-शख्स के हाथ-पैर तोड़े
Published:
2 min read

केरल पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला (शख्स की पत्नी) और 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नेशनल डेस्क. केरल में एक लॉज में अपने शादीशुदा दोस्त के साथ ठहरी महिला का अपहरण कर गैंगरेप का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लॉज में 5 आरोपी पुलिस अधिकारी बनकर पहुंचे थे। उन्होंने महिला का अपहरण किया और उसके साथ गैंगरेप किया। इतना ही नहीं महिला के दोस्त के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद उसे तमिलनाडु के एक अस्पताल के बाहर छोड़ दिया गया। महिला के दोस्त के हाथों और पैरों में फ्रैक्चर हो गए।
घटना पिछले महीने की बताई जा रही है। तमिलनाडु के त्रिपुर की रहने वाली महिला अपने शादीशुदा दोस्त के साथ केरल के त्रिशूर गई थी। वहां वे दोनों KSRTC बस स्टैंड के पास लॉज में ठहरे थे। कुछ देर बाद ही वहां 5 लोग पहुंच गए। उन्होंने खुद को पुलिस अफसर बताया और उनके कमरे में जबरन घुस गए। इसके बाद दोनों के हाथ पैर बांधे और कार से तमिलनाडु ले गए।
दूसरी कार में ले जाकर महिला से गैंगरेप
आरोपियों ने पूरे रास्ते दोस्त के साथ मारपीट की। उसके हाथ और पैरों में फ्रैक्चर हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे तमिलनाडु के एक अस्पताल के पास छोड़ दिया और महिला को दूसरी कार से ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। महिला की शिकायत पर तमिलनाडु पुलिस ने मामला दर्ज कर त्रिशूर पुलिस को सौंप दिया।
पत्नी ने ही दी थी सुपारी
जांच के दौरान पता चला कि शादीशुदा दोस्त की पत्नी ने ही आरोपियों को रेप करने की सुपारी दी थी। वह पति के फोन की लोकेशन से उन दोनों को ट्रेस कर रही थी और इसकी जानकारी आरोपियों को दे रही थी। पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोस्त की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच जारी है।

