'कांग्रेस विधायक ने अश्लील मैसेज भेजे, रेप करने की फैंटेसी बताई': ट्रांस एक्टिविस्ट का दावा; मलयालम एक्ट्रेस ने भी गंभीर आरोप लगाए
Published:
4 min read

केरल के पलक्कड़ से कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटथिल पर मलयालम एक्ट्रेस रिनी जॉर्ज (दाएं) के बाद ट्रांस एक्टिविस्ट अवंतिका(बाएं) ने भी गंभीर आरोप लगाए।
मलयालम एक्ट्रेस के बाद केरल के पलक्कड़ से कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटथिल पर अब एक ट्रांस महिला एक्टिविस्ट ने गंभीर आरोप लगाए हैं। एक्टिविस्ट अवंतिका ने राहुल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। अवंतिका ने दावा किया है कि राहुल ने उनके साथ अपनी रेप फैंटेसी पूरी करने का भी मैसेज भेजा था। अवंतिका ने कहा, राहुल के राजनीति में होने की वजह से शुरुआत में वे बोलने से हिचकिचा रही थीं। इससे पहले विधायक ममकूटथिल पर मलयालम एक्ट्रेस ने हैरेसमेंट के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद राहुल ने कांग्रेस यूथ प्रेसीडेंट पद से इस्तीफा दे दिया था।
अवंतिका ने आरोप लगाया कि ममकूटथिल ने अपनी सेक्सुअल डिजायर और रेप करने की फैंटेसी के बारे में बताया था। अवंतिका ने दावा किया कि उन्होंने इस मुद्दे को कांग्रेस पार्टी के सामने उठाया था, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया।
'रात में 11 बजे के बाद बार-बार कॉल करता था'
मीडिया से बात करते हुए अवंतिका ने बताया कि थ्रिक्काकारा उप-चुनाव प्रचार के समय, मैं राहुल से एक मीडिया डिबेट में मिली। इसके बाद मैंने उन्हें सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। जिसके बाद धीरे-धीरे हम अच्छे दोस्त बन गए। वह मुझे रात में 11 बजे के बाद कॉल करने लगे। हमारी लंबी बातें होना शुरू हो गई। इस बातचीत के दौरान ममकूटथिल राजनीति की कोई बात नहीं करते थे।
‘मेरे साथ रेप करने की फैंटेसी बताई’
अवंतिका ने आगे कहा- वह( ममकूटथिल) मुझे अश्लील मैसेज भेजते थे। एक बार उसने मुझे अपनी सेक्सुअल डिजायर भी बताई। उसने अपनी फैंटेसी बताते हुए कहा कि मेरे साथ रेप करने जैसे यौन सबंध बनाना चाहता है। यह बात मैंने कई कांग्रेस नेताओं को बताई, लेकिन किसी ने कोई एक्शन नहीं लिया।
मलयालम एक्ट्रेस ने लगाए थे हैरेसमेंट का आरोप
इससे पहले मलयालम एक्ट्रेस रिनी एन जॉर्ज ने गुरुवार को ऐसे ही आरोप लगाए। उन्होंने, मैं सोशल मीडिया के जरिए एक नेता के संपर्क में आई। कुछ दिन बाद उन्होंने आपत्तिजनक मैसेज भेजना शुरू कर दिए। एक दिन उस नेता ने 5 स्टार होटल में मिलने के लिए भी बुलाया था। रिनी ने दावा किया, उन्होंने उस नेता की पार्टी के सीनियर लीडर्स से भी इसकी शिकायत की। लेकिन उसके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया और उसे पार्टी में महत्वपूर्ण पद मिलते रहे।

‘मुझे सेफ्टी की चिंता थी, इसलिए शिकायत नहीं की’
इस इंटरव्यू में रिनी ने किसी नेता का नाम नहीं लिया था। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या वे ये आरोप कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटथिल पर लगा रही हैं। इस पर उन्होंने कहा था, मैं किसी का नाम नहीं ले रही। मैं उस शख्स की पॉलिटिकल पार्टी को शर्मिंदा नहीं करना चाहती थी। मुझ पर कोई हमला नहीं हुआ है। मुझे तो बस मैसेज मिले थे। हालांकि, बाद में दोस्तों के जरिए मुझे पता चला कि कई और महिलाओं को भी उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है। अब मैं उनके लिए आवाज उठा रही हूं।
उनसे पूछा गया कि उन्होंने इसके लिए कानून का सहारा क्यों नहीं लिया। जवाब में रिनी ने कहा, ‘मुझे अपनी सेफ्टी की चिंता है। मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा भी नहीं है।
ममकूटथिल का यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा
इस विवाद के बीच विधायक ममकूटथिल ने गुरुवार को केरल यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस विधायक ममकूटथिल पर एक्ट्रेस के साथ हुई घटना में अहम रोल होने का आरोप लगाया। भाजपा ने कांग्रेस विधायक के कार्यालय तक मार्च निकाला। आरोप लगाया कि राहुल ही गुनहगार हैं।

आरोपों को कोर्ट में साबित करो- ममकूटथिल
इन आरोपों पर कांग्रेस विधायक ममकूटथिल ने सफाई दी। उन्होंने कहा, किसी ने मेरा इस्तीफा नहीं मांगा। एक्ट्रेस मेरी अच्छी दोस्त है और मुझे ये विश्वास नहीं है कि उसने ये बातें मेरे बारे में कहीं। मैंने भारत के कानून और संविधान के खिलाफ कुछ भी गलत नहीं किया। कांग्रेस विधायक ने कहा कि मैं चैलेंज देता हूं कि इन आरोपों को कोर्ट में साबित करो।

