केरल की कजिया Miss Universe India: अबू धाबी में बीता बचपन; ड्रम-वायलिन भी बजाती हैं; अब प्यूर्टो रिको में भारत को रिप्रेजेंट करेंगी
Published:
4 min read

इंटरनेशनल डेस्क। केरल की 19 साल की लॉ स्टूडेंट और मॉडल कजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 (Miss Universe India 2026) का खिताब जीत लिया है। रविवार को जयपुर में हुए फिनाले में कजिया ने 52 दूसरी कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़कर क्राउन अपने नाम किया। इस जीत के साथ वे मिस यूनिवर्स इंडिया बनने वाली केरल की पहली कंटेस्टेंट भी बन गई हैं। अब उनका अगला मुकाबला दुनिया की ब्यूटी क्वीन्स से होगा। कजिया नवंबर में प्यूर्टो रिको में होने वाले 75वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत को रिप्रेजेंट करेंगी।
जयपुर में 52 कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़ा
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के फिनाले में देश के अलग-अलग हिस्सों से आईं 53 कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला था। आखिर में कजिया ने नेशनल टाइटल जीता। तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं। गुजरात की अनुश्री सातवलेकर सेकेंड रनर-अप बनीं और उन्होंने मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026 (Miss International India 2026) का टाइटल भी जीता। पिछले साल मिस यूनिवर्स इंडिया बनीं मानिका विश्वकर्मा इस बार फिनाले में पहुंचीं और नई विनर्स को क्राउन किया।

केरल के मावेलिक्करा की रहने वाली हैं कजिया
कजिया लिज मेजो केरल के मावेलिक्करा की रहने वाली हैं। उनका जन्म 2007 में हुआ था, लेकिन बचपन का बड़ा हिस्सा UAE के अबू धाबी में बीता। उन्होंने अमीरात नेशनल स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल और अबू धाबी इंडियन स्कूल में पढ़ाई की। फिलहाल वे लॉ की पढ़ाई कर रही हैं और इसके साथ मॉडलिंग भी करती हैं। सिर्फ 19 साल की उम्र में नेशनल क्राउन जीतने से पहले भी कजिया पेजेंट की दुनिया में कई बड़े टाइटल अपने नाम कर चुकी हैं।
17 साल की उम्र में पहला बड़ा टाइटल जीता
कजिया की पेजेंट जर्नी अचानक शुरू नहीं हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, 17 साल की उम्र में उन्होंने मिस टीन डीवा 2024 (Miss Teen Diva 2024) का खिताब जीता था। इसके बाद उन्हें इंटरनेशनल स्टेज पर भारत को रिप्रेजेंट करने का मौका मिला। मिस टीन इंटरनेशनल 2025 (Miss Teen International 2025) में वे फर्स्ट रनर-अप रहीं। 2026 में उन्होंने मिस यूनिवर्स केरला (Miss Universe Kerala) का क्राउन जीता और इस टाइटल को जीतने वाली सबसे कम उम्र की कंटेस्टेंट बनीं। इसके बाद नेशनल फिनाले में पहुंचीं और मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का क्राउन अपने नाम कर लिया।

12 साल क्लासिकल डांस सीखा, ड्रम-वायलिन भी बजाती हैं
कजिया की पहचान सिर्फ मॉडलिंग और पेजेंट तक नहीं है। मिस टीन डिवा (Miss Teen Diva) की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने करीब 12 साल तक क्लासिकल डांस की ट्रेनिंग ली है। वे सिंगिंग भी करती हैं और ड्रम और वायलिन बजाना जानती हैं। इसके अलावा पब्लिक स्पीकिंग और एक्टिंग में भी उनकी दिलचस्पी रही है। यानी लॉ की पढ़ाई के साथ उन्होंने डांस, म्यूजिक, मॉडलिंग और पेजेंट्स को भी लगातार समय दिया है।
मलयालम फिल्म से एक्टिंग में भी डेब्यू
कजिया कैमरे के सामने भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने मलयालम फिल्म शॉयलॉक (Shylock) से एक्टिंग में डेब्यू किया था। इसके बाद उनका फोकस मॉडलिंग और पेजेंट्स की तरफ बढ़ा। टीन डिवा (Teen Diva) से शुरू हुई उनकी बड़ी पेजेंट जर्नी मिस टीन इंटरनेशनल तक पहुंची और फिर मिस यूनिवर्स केरला (Miss Universe Kerala) का रास्ता तय करते हुए अब मिस यूनिवर्स इंडिया के क्राउन तक आ गई है। उनकी इस जीत की एक और खासियत है कि इससे पहले केरल की किसी कंटेस्टेंट ने मिस यूनिवर्स इंडिया का टाइटल नहीं जीता था।
सुष्मिता सेन ने लीड की ज्यूरी
जयपुर में हुए फिनाले की ज्यूरी में भारतीय पेजेंट की दुनिया के कई बड़े नाम शामिल थे। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने ज्यूरी को लीड किया। उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली भी जजिंग पैनल का हिस्सा थीं। ऐसे में कजिया को कई राउंड और 52 दूसरी कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़कर टाइटल मिला। अब नेशनल लेवल की जीत के बाद उनकी तैयारी इंटरनेशनल पेजेंट के लिए होगी
अब प्यूर्टो रिको में दुनिया से मुकाबला
कजिया के सामने अब उनकी पेजेंट जर्नी का सबसे बड़ा मुकाबला है। नवंबर 2026 में प्यूर्टो रिको में 75वां मिस यूनिवर्स पेजेंट होगा। इसमें वे भारत की तरफ से उतरेंगी। 19 साल की लॉ स्टूडेंट के तौर पर शुरू हुई उनकी कहानी में अब एक नेशनल क्राउन जुड़ चुका है। मिस टीन डिवा से मिस टीन इंटरनेशनल, फिर मिस यूनिवर्स केरला और अब मिस यूनिवर्स इंडिया तक पहुंचीं कजिया के सामने अगला टारगेट मिस यूनिवर्स का ग्लोबल क्राउन होगा।

