PM ने कर्तव्य भवन का उद्घाटन किया: अब कई मंत्रालय और विभाग एक छत के नीचे; पुराने ऑफिसेज से निजात, एरिया 1.5 लाख sq मीटर
Published:
3 min read

कर्तव्य पथ पर कॉमन सेंट्रल सेक्रेटरिएट (CSS) की 10 नई इमारतें बननी हैं। इनमें से पहली बिल्डिंग कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने आज कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन किया। यह केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा है।। इसे बनाने का उद्देश्य सरकार के कई मंत्रालयों और विभागों को एक छत के नीचे लाकर कामकाज को आसान और आधुनिक बनाना है। कर्तव्य भवन-3 लगभग 1.5 लाख स्कॉयर मीटर में फैला हुआ है।
यहां कई मंत्रालयों के दफ्तर
इस नई बिल्डिंग में गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, MSME मंत्रालय, कर्मचारी चयन एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT), पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय और मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के ऑफिस शिफ्ट होंगे।
आगे जाने से पहले ये तस्वीरें देखिए..




पुराने और खस्ताहाल हो चुके ऑफिसेज से निजात
कर्तव्य भवन-3 पुराने और खस्ताहाल हो चुके सचिवालय जैसे शास्त्री भवन, कृषि भवन, उद्योग और निर्माण भवन की जगह लेगा, जो 1950-1970 में बने थे। ये अब आउटडेटेड हो चुके हैं। इस तरह इनके रखरखाव और मरम्मत का खर्चा भी बचेगा।
7 मंजिला बिल्डिंग, यहां 650 गाड़ियों की पार्किंग
कर्तव्य भवन को आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इस 7 मंजिला बिल्डिंग में दो बेसमेंट भी हैं। यहां कर्मचारियों की सुविधा के लिए योग और मेडिकल सेंटर, कैफे और मल्टी पर्पज हॉल की भी व्यवस्था है। लगभग 650 गाड़ियों की पार्किंग है। यहीं नहीं, इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए चार्जिंग पॉइंट्स भी बनाए गए हैं।
इसके अलावा बिल्डिंग में ऐसे ग्लास लगाए गए हैं, जो बाहरी शोर और तापमान को कम करने में मदद करेंगे। साथ ही, बिजली उत्पादन के लिए सोलर पैनल का इस्तेमाल किया गया है। सोलर लगने से हर साल 5.34 लाख यूनिट बिजली पैदा होगी।
क्या है सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट
सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट भारत सरकार का बड़ा प्रोजेक्ट है। इस योजना के तहत संसद भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, उप-राष्ट्रपति आवास, सरकारी इमारतें और एक नया कॉमन सेंट्रल सेक्रेटरिएट (CSS) बनाया जा रहा है।
इसका उद्देश्य सरकारी दफ्तरों को एक जगह पर लाना, पुरानी और जर्जर हो चुकी बिल्डिंग्स को बदलकर सरकारी कामकाज को आसान बनाना है। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का टोटल बजट 20 हजार करोड़ रुपए है।
अभी 9 बिल्डिंग्स और बनेंगी
कर्तव्य पथ पर CSS की 10 नई इमारतें बननी हैं। इनमें से पहली बिल्डिंग कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने आज कर दिया है। बाकी CSS इमारतें भी तेजी से बन रही हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी 10 बिल्डिंग्स 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है। कुछ इमारतों का काम 2026 के आखिर तक भी पूरा हो सकता है।

