चूहे ने 10 लाख के गहने चुराए: प्राइज टैग-CCTV से खुला राज; बिल से 10 सोने की अंगूठियां और 2 चेन बरामद
Published:
2 min read

AI इमेज
नेशनल डेस्क. कर्नाटक में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक ज्वेलर्स ने जैसे ही दुकान खोली, उसके होश उड़ गए। दुकान से 10 लाख रुपए की 10 सोने की अंगूठियां और 2 चेन गायब थीं। ऐसे में उसे लगा कि दुकान में चोरी हुई है। लेकिन जब CCTV देखा गया तो सभी हैरान रह गए और अपनी हंसी नहीं रोक पाए। CCTV में कोई चोर नहीं बल्कि एक चूहा अंगूठी चुराते दिखा।
मामला कर्नाटक के तुमकुरु का है। यहां के विश्वास ज्वेलर्स में सुबह स्टाफ ने देखा कि 10 सोने की अंगूठियां अपनी जगह से गायब हैं। हैरानी की बात यह थी कि अंगूठियों के साथ लगे प्राइस टैग भी नहीं थे। पहले सभी को लगा कि दुकान में चोरी हुई है।
प्राइस टैग ने बदल दी पूरी कहानी
दुकान मालिक ने बताया कि अगर कोई इंसान चोरी करता, तो वह सिर्फ सोना ले जाता, टैग नहीं। यही बात सभी को खटक गई और उन्होंने रात की CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की।
CCTV में निकला 'नन्हा चोर'
रात करीब 4:30 बजे की फुटेज में एक चूहा मुंह में सोने की अंगूठी दबाकर भागता दिखाई दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने पूरी दुकान में तलाश शुरू की तो वहां कई चूहों के बिल मिले।
बिल में छिपा था 10 लाख का खजाना
जब बिलों की जांच की गई तो उनमें से 10 सोने की अंगूठियां, 2 सोने की चेन और सभी प्राइस टैग बरामद हो गए। राहत की बात यह रही कि दुकान का पूरा सामान सुरक्षित मिल गया। दुकान मालिक ने कहा- आज हम सभी खुश है, क्योंकि हमारी सारी ज्वेलरी वापस मिल गई।

