कर्नाटक में BJP के साथ खेला: कांग्रेस ने MLC की 7 में से 5 सीटें जीतीं; NDA के 11 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप
Published:
3 min read

कर्नाटक सीएम डीके शिवकुमार (फाइल फोटो)
Karnataka MLC Election Results 2026: कर्नाटक के नए CM डीके शिवकुमार अपने पहले चुनावी टेस्ट में पास हो गए। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने गुरुवार को हुए MLC चुनाव में 7 में से 5 सीटों पर जीत हासिल की। इस चुनाव में BJP और JDS विधायकों ने क्रॉस वोटिंग भी की। वहीं, BJP के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन ने सभी 7 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन इनमें से BJP के सिर्फ 2 उम्मीदवारों को जीत मिली। जबकि JDS के अकेले उम्मीदवार भी हार गए।
कांग्रेस के पक्ष में हुई क्रॉस वोटिंग
कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा- ये नतीजे बताते हैं कि पार्टी और उसकी योजनाओं को भारी समर्थन मिल रहा है। सुरजेवाला ने कहा, “विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस के सभी 5 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। कांग्रेस को 135 वोट मिलने थे, लेकिन 151 वोट मिले। BJP सात वोटों से पीछे रह गई, जबकि JDS को 18 के बजाय 14 वोट मिले।
सभी पार्टियों के विधायकों ने हमें वोट दिया- डीके शिवकुमार
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा- हमें उम्मीद थी कि सभी सीटों पर निर्विरोध चुनाव होगा। लेकिन बीजेपी और जेडीएस ने प्रत्याशी उतारे। लेकिन कई विधायकों ने पार्टी लाइन से अलग होकर हमारी सरकार और उसकी नीतियों के समर्थन में वोट किया। उन्होंने कहा- मैं समर्थन करने वाले सभी विधायकों को धन्यवाद कहता हूं। हम एकता के साथ लड़े और ये नतीजे कांग्रेस की एकता को दिखाते हैं।
क्रॉस वोटिंग पर BJP आलाकमान नाराज
उधर, विधान परिषद चुनावों में हुई क्रॉस वोटिंग पर बीजेपी आलाकमान ने नाराजगी व्यक्त की है और प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, विपक्ष के नेता आर. अशोक और राज्य प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल को 23 जून को दिल्ली तलब किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, NDA के 11 विधायकों ने कांग्रेस के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। उधर, बीजेपी कर्नाटक ने भी इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यों की कमेटी का गठन किया है। बीजेपी अध्यक्ष विजयेंद्र ने कहा- हमें पता चला है कि विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। उन्होंने कहा- हार की वजह का पता लगाने के लिए कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी 25 जून तक रिपोर्ट पेश करेगी। इस कमेटी में सीटी रवि, एन महेश और महेश तेंगिनाकाय शामिल हैं।
नंबर गेम में NDA को मात
क्रॉस वोटिंग करने वाले NDA के 11 विधायकों में चार बीजेपी के भी हैं। इस चुनाव में कांग्रेस ने 7 में से 5 सीटों पर जीत हासिल की। जबकि बीजेपी को 64 विधायक होने के बावजूद सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली। बीजेपी के दोनों उम्मीदवारों को 56 वोट मिले। वहीं, JDS के पास 18 विधायक हैं, इसके बावजूद उम्मीदवार को सिर्फ 14 वोट मिले। बीजेपी ने अपने तीन विधायकों से JDS उम्मीदवार को वोट करने के लिए कहा था, ताकि उनके कुल वोट 21 हो सकें। लेकिन JDS उम्मीदवार को सिर्फ 14 वोट मिले।

