कर्नाटक के मंत्री ने अपने बयान पर सफाई दी: बोले- मेरी बात का गलत मतलब निकाला गया; पहले SIR की तारीफ की थी
Published:
3 min read

सतीश जारकीहोली कर्नाटक की डी.के. शिवकुमार सरकार में PWD मंत्री हैं।
नेशनल डेस्क। कर्नाटक सरकार के मंत्री सतीश जारकीहोली ने SIR को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि उनकी बात का गलत मतलब निकाया गया। इससे पहले जारकीहोली ने कर्नाटक में हुई SIR की तारीफ कर दी थी। BJP ने उनके बयान के सहारे राहुल गांधी के उन दावों पर सवाल उठाए थे, जिनमें SIR के जरिए वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की बातें कही जा रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
एक तरफ कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पूरे देश में SIR का खुलकर विरोध कर रहे हैं। दूसरी ओर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में मंत्री सतीश जारकीहोली ने हाल ही में बयान दिया था कि कर्नाटक में SIR का काम बिल्कुल सही तरीके से हुआ है।
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि राज्य में करीब 1 करोड़ वोटरों के नाम लिस्ट से क्यों हटाए गए, तो जारकीहोली ने कहा था कि ये वही वोटर थे जो या तो दूसरी जगह चले गए थे, जिनकी मौत हो चुकी थी या फिर जिनके नाम दो-दो जगह दर्ज थे।
BJP ने राहुल गांधी पर साधा था निशाना
जारकीहोली का बयान आते ही BJP ने इसे हाथों-हाथ लिया और राहुल गांधी पर हमला बोल दिया। BJP ने सोशल मीडिया पर लिखा- खुद कांग्रेस के अपने ही नेता मान रहे हैं कि वोटर लिस्ट को साफ-सुथरा करना जरूरी है। इससे राहुल गांधी के उस दावे की पोल खुल गई है जिसमें वे SIR का विरोध कर रहे हैं।
बैकफुट पर आए मंत्री, फिर पेश की सफाई
चौतरफा घिरने के बाद सतीश जारकीहोली ने सोशल मीडिया (X) पर अपनी बात की सफाई दी। उन्होंने कहा- मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया। मैं यह बिल्कुल नहीं कह रहा था कि SIR की पूरी प्रोसेस सही है। मेरा कहने का मतलब सिर्फ इतना था कि कर्नाटक में 'फॉर्म-7' के जरिए कांग्रेस समर्थक वोटरों के नाम काटने की BJP की साजिश को हमारी पार्टी ने नाकाम कर दिया।
जारकीहोली ने आगे कहा कि राहुल गांधी और सीएम डी.के. शिवकुमार की कोशिशों के चलते कर्नाटक में SIR में गड़बड़ियां पकड़ ली गईं।
कर्नाटक में घटे करीब 1 करोड़ वोटर
चुनाव आयोग ने मंगलवार (27 अक्टूबर) को कर्नाटक की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की। इस लिस्ट के मुताबिक, राज्य में कुल वोटरों की संख्या 5.54 करोड़ से घटकर 4.55 करोड़ रह गई। यानी इस SIR के बाद कुल मिलाकर 99.32 लाख (लगभग 1 करोड़) वोटरों के नाम लिस्ट से हटा दिए गए।
यह भी पढ़ें...

