रामलीला मैदान रैली को CJP का सपोर्ट: लिखा- वोट चोरी के खिलाफ जंग में हम विपक्ष के साथ, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा जरूरी
Published:
3 min read

कॉकरोच जनता पार्टी ने INDIA ब्लॉक की 1 नवंबर को हो रही रैली के लिए बयान जारी किया है।
नेशनल डेस्क। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पर होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली को समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि वोट चोरी के खिलाफ जंग में वह विपक्ष के साथ है।
CJP का कहना है कि लोकतंत्र में जनता सरकार चुनती है, न कि सरकार यह तय करती है कि कौन वोट देगा। उसके मुताबिक, चुनाव आयोग की जिम्मेदारी हर योग्य नागरिक के वोट देने के अधिकार को बचाना है, न कि उसके रास्ते में रुकावटें खड़ी करना।
हालांकि CJP ने अपने बयान में यह साफ नहीं किया कि क्या उनकी टीम इस रैली में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान आएगी या नहीं।
'लोकतंत्र के लिए ज्ञानेश का इस्तीफा जरूरी'
CJP ने कहा- वोटर लिस्ट से योग्य मतदाताओं के नाम हटने पर चुनाव आयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। ज्ञानेश कुमार ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी निभाने के लिए जरूरी भरोसा खो दिया है। चुनाव आयोग की साख और स्वतंत्रता बहाल करने के लिए CEC को इस्तीफा देना चाहिए। CJP ने यह भी कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए भी ज्ञानेश कुमार का जाना जरूरी है।
CJP ने कहा कि वह निष्पक्ष चुनाव और नागरिकों के वोट देने के अधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन चला रहे हर संगठनों के साथ खड़ी रहेगी।
अंबेडकर और संविधान का हवाला दिया
CJP ने अपने बयान में डॉ. भीमराव अंबेडकर और भारतीय संविधान का भी जिक्र किया। उसने कहा कि संविधान बनाने वालों ने हर वयस्क नागरिक को वोट देने का अधिकार दिया। यह अधिकार जाति, धर्म, लिंग, शिक्षा या आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी से छीना नहीं जा सकता। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को लोकतांत्रिक प्रोसेस से जोड़ना था, न कि उन्हें वोट देने से रोकना।

INDIA ब्लॉक की रैली में 10 लाख लोग आने के दावे
कांग्रेस हाईकमान 1 नवंबर की रामलीला मैदान रैली की तैयारी में जुटी हुई है। देशभर के नागरिकों को दिल्ली आने का आह्वान किया गया है। कांग्रेस के बड़े नेताओं को कार्यकर्ताओं को एकजुट कर दिल्ली लाने का फरमान मिला है। कांग्रेस महासचिव के.सी वेणुगोपाल कांग्रेस के तमाम राज्यस्तरीय लीडरों से कॉर्डिनेट कर रहे हैं। दावा है कि इस रैली में 10 लाख लोग जुटेंगे। वेणुगोपाल कह चुके हैं कि यह ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा आंदोलन होगा।
यह भी पढ़ें...

