15000 सैलरी, 30 करोड़ की संपत्ति: कर्नाटक में क्लर्क के ठिकानों पर लोकायुक्त की रेड, 24 मकान-4 प्लॉट और 40 एकड़ जमीन मिली
Published:
2 min read

क्लर्क कलाकप्पा निदागुंडी के पास 24 मकान, 4 प्लॉट और 40 एकड़ कृषि जमीन मिली
कर्नाटक में लोकायुक्त ने शुक्रवार को एक क्लर्क के घर पर छापा मारा। इस दौरान कलकप्पा निदागुंडी (क्लर्क) के पास से 30 करोड़ की बेहिसाब संपत्ति मिली है। चौंकाने वाली बात ये है कि क्लर्क की सैलरी सिर्फ 15000 रुपये प्रति महीने है। निदागुंडी कर्नाटक रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट लिमिटेड में क्लर्क के पद पर काम करता था।
72 करोड़ को घोटाले का आरोप
लोकायुक्त की रेड में कलकप्पा निदागुंडी के पास 24 मकान, 4 प्लॉट और 40 एकड़ कृषि जमीन मिली। इसके अलावा उसके पास से 4 गाड़ियां, 350 ग्राम सोना और 1.5 किलो चांदी बरामद की गई। ये सारी प्रॉपर्टी उसके भाई और पत्नी के नाम पर है। निदागुड़ी और KRIDL के पूर्व इंजीनियर ZM चिंचोलकर पर 96 अधूरी परियोजनाओं के फर्जी दस्तावेज तैयार करके 72 करोड़ रुपए का गबन करने का आरोप है।
घोटाले में 37 करोड़ से अधिक की संपत्ती बरामद
कर्नाटक में आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त भ्रष्ट कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को लोकायुक्त की टीमों ने हासन, चिक्काबलापुरा, चित्रदुर्ग और बेंगलुरु में सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के घरों पर रेड डाली।
इससे पहले 23 जुलाई को आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक IAS अधिकारी समेत 8 अधिकारियों के ठिकानों पर रेड डाली थी, जिसमें 37 करोड़ से अधिक रुपए की संपत्ति बरामद की गई। ये छापे बेंगलुरु, मैसूरु, तुमकुरु, कलबुर्गी, कोप्पल और कोडागु जिलों में तैनात अधिकारियों से जुड़े 41 ठिकानों पर मारे गए।
एक IAS पर भी लोकायुक्त की कार्रवाई
जिन लोगों के ठिकानों पर छापे मारे गए, उनमें IAS अधिकारी बस्ती अमर बी.वी. शामिल हैं। जो रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी, कर्नाटक (K-RIDE) में विशेष उपायुक्त के पद पर हैं।उनके पास बेंगलुरु सब-अर्बन रेलवे प्रोजेक्ट (BSRP) में भूमि अधिग्रहण की जिम्मेदारी थी। वसंती के 5 ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 4 घर, 7 करोड़ से ज्यादा की तीन एकड़ कृषि भूमि, 12 लाख रुपए की ज्वैलरी और 90 लाख रुपए के वाहन मिले।

