भाई HIV पॉजिटिव निकला तो बहन ने हत्या कर दी: बोली- बदनामी का डर था, हमें समाज से निकाल देते
Published:
2 min read

फोटो क्रेडिट- IANS
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक 23 साल के युवक की उसकी ही बहन और जीजा ने हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, मल्लिकार्जुन नाम का शख्स हाल ही में एक सड़क हादसे का शिकार हुआ था।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसके खून की जांच की, जिसमें पता चला कि वो HIV पॉजिटिव है। उसकी बहन डर गई कि अगर लोगों को पता चला तो समाज में बदनामी हो जाएगी। इसी वजह से उसने पति के साथ मिलकर भाई की हत्या कर दी।
हत्या के लिए दुपट्टे का इस्तेमाल किया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने 25 जुलाई को अपने भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। इस वारदात में उसके पति ने भी मदद की। हत्या के लिए महिला ने अपने दुपट्टे का इस्तेमाल किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी महिला ने बताया कि उसके माता-पिता पहले से ही बीपी और डायबिटीज से जूझ रहे हैं। उनके तक भी इन्फेक्शन जाने का डर था। साथ ही, डर था कि रिश्तेदार और समाज उनका बहिष्कार न कर दे।
आरोपी महिला ने कहा- कर्ज में भी डूबा था भाई
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका भाई कर्ज में डूबा था। इससे परिवार पर आर्थिक दबाव भी था। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

