कर्नाटक के MLA ने महिला SP की तुलना कुत्ते से की: IPS अफसर की शिकायत पर FIR दर्ज, कांग्रेस बोली- ये महिलाओं का अपमान
Published:
2 min read

SP उमा प्रशांत 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें वर्ष 2021 के अंत में कर्नाटक कैडर में IPS के तौर पर नियुक्त किया गया था। वे कर्नाटक स्टेट पुलिस सर्विस से प्रमोट होकर आई हैं। (फाइल फोटो)
कर्नाटक के हरिहर से बीजेपी विधायक बीपी हरीश ने दावणगेरे की महिला SP उमा प्रशांत को पॉमेरेनियन डॉग कह दिया। इस टिप्पणी को लेकर विवाद शुरु हो गया। विधायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि अफसर कांग्रेस से जुड़े शामनूर परिवार के आगे झुक जाती हैं लेकिन मुझे नजरअंदाज करती हैं। बयान के बाद महिला अफसर ने शिकायत दर्ज कराई है।
विधायक पर कई धाराओं में केस
एसपी उमा प्रशांत की शिकायत पर विधायक बीपी हरीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 351(2) और 79 के तहत FIR दर्ज की गई है। इनमें सरकारी कामकाज में बाधा डालने, धमकी देने और महिला की मर्यादा भंग करने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष होगी। विधायक को कानून के मुताबिक समन भेजा जाएगा।
कांग्रेस परिवार के आगे झुकने का आरोप
हरीश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब भी मैं किसी मीटिंग में जाता हूं तो एसपी मुझे इग्नोर करती हैं। हालांकि, शामनूर परिवार के लिए घंटों गेट पर खड़ी रहती हैं। वह उनके घर पॉमेरेनियन कुत्ते की तरह बर्ताव करती हैं। बयानको लेकर तुरंत महिला मोर्चा और विपक्षी नेताओं ने विरोध किया है।
कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा
जैसे ही यह बयान सामने आया, कांग्रेस और महिला संगठनों ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह महिलाओं को अपमानित करने वाली मानसिकता है। बीजेपी ने अभी तक विधायक के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बीजेपी अपने नेता को बचा रही है। कांग्रेस ने कहा है कि बीजेपी को तुरंत विधायक से इस्तीफा लेना चाहिए।

