खाते इस देश का हैं, लड़ते पड़ोसी के लिए हैं: कंगना ने नसीरुद्दीन शाह के लिए क्यों कही ये बात; क्या यह CJP प्रोटेस्ट पर एक्टर के बयान का पलटवार है
Published:
4 min read

कंगना रनौत अकसर बॉलीवुड एक्टर-एक्ट्रेस के खिलाफ कंट्रोवर्सियल बयान देती रही हैं।
नेशनल डेस्क। BJP सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह को पाकिस्तान का हमदर्द बताया है। उन्होंने कहा है कि नसीर साहब खाते तो इस देश का हैं, लेकिन लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं।
कंगना की यह टिप्पणी नसीरुद्दीन शाह के उस पुराने बयान पर पलटवार के तौर पर देखी जा रही है, जिसमें वेटरन एक्टर ने दिल्ली के CJP प्रोटेस्ट के दौरान फिल्म इंडस्ट्री की चुप्पी पर सवाल उठाया था। शाह ने तब 'कुत्ते के मुंह में हड्डी' वाली मिसाल देते हुए कहा था कि जिन लोगों के मुंह में हड्डी है, वे बोल नहीं सकते।
अब झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच एक्टर-सिंगर पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह के इसी बयान को याद करते हुए जब सवाल उठाया कि अब वे 'कुत्ते' कहां हैं, जिनके मुंह में हड्डी नहीं है? तो कंगना ने पीयूष मिश्रा के इसी बयान को शेयर करते हुए नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साध दिया।
कंगना ने क्या कहा?
कंगना ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि हर कोई किसी न किसी का कुत्ता है, लेकिन उन्हें इस बात पर गर्व है कि वह जिस घर यानी देश की रोटी खाती हैं, उसकी रखवाली करती हैं और उसके लिए लड़ती हैं।
इसके बाद उन्होंने नसीरुद्दीन शाह पर तंज कसते हुए कहा- नसीर साहब खाते तो इस देश का हैं, लेकिन लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं।
कंगना ने आगे लिखा कि इंसान को कुत्ता कहा जाना भी एक तरह से तारीफ है, क्योंकि वफादारी और मासूमियत बहुत कम देखने को मिलती है। मैं नसीरुद्दीन शहा जैसे लोमड़ी बनने के बजाय कुत्ता बनना पसंद करूंगी।

CJP प्रोटेस्ट में नसीरुद्दीन शाह ने क्या कहा था?
कंगना के ताजा बयान को समझने के लिए नसीरुद्दीन शाह के उस पुराने बयान को देखना जरूरी है, जिसका जिक्र पीयूष मिश्रा ने किया।
CJP प्रोटेस्ट के दौरान नसीरुद्दीन शाह ने फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारों की चुप्पी पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि कई लोग इसलिए नहीं बोल रहे क्योंकि उनके मुंह में हड्डी है। उनके मुताबिक, जैसे ही हड्डी मुंह से बाहर होगी या दांत टूट जाएंगे, वे बोलना शुरू कर देंगे।
शाह का इशारा उन फिल्मी सितारों की तरफ था, जिन्होंने उस आंदोलन पर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा था।
पीयूष मिश्रा ने झारखंड से क्यों उठाया वही सवाल?
झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। पीयूष मिश्रा पिछले हफ्ते रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे थे।
वहां उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस वक्त शाह ने फिल्म इंडस्ट्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए 'मुंह में हड्डी' वाली बात कही थी। अब उनका सवाल है कि इस समय कौन से 'कुत्ते' मुंह में हड्डी लेकर चुप बैठे हैं?
पीयूष मिश्रा ने कहा कि वह नसीरुद्दीन शाह का सम्मान करते हैं, लेकिन मौजूदा आंदोलन के बीच यह सवाल पूछना जरूरी है।
झारखंड में किस बात को लेकर प्रदर्शन?
झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ स्टूडेंट्स और युवाओं का प्रोटेस्ट चल रहा है। प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने और मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं।
कुछ प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर भी हैं। JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद अनशन पर हैं।
सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक गतिरोध खत्म नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बातचीत और पारदर्शिता के जरिए छात्रों की चिंताओं को दूर करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें...

