11 करोड़ दिए, एक भी करोड़ खर्च नहीं हुआ: अधिकारियों पर भड़कीं कंगना; बोलीं- तुम्हारा ऑफिस मिले, एक दिन में काम करके दिखाऊंगी
Published:
2 min read

कंगना हिमाचल के मंडी से BJP सांसद हैं।
नेशनल डेस्क. एक्ट्रेस और मंडी से BJP सांसद कंगना रनौत ने शनिवार को MP फंड से काम न कराने को लेकर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। कंगना मंडी में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (DISHA) की बैठक में पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि MP फंड से उन्होंने 11 करोड़ रुपए दिए, लेकिन उनमें से एक करोड़ का भी काम नहीं किया गया।
कंगना रनौत का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वे अधिकारियों से कहती हैं कि मैंने 11 करोड़ रुपए दिए, लेकिन उनमें से एक करोड़ का भी काम नहीं किया गया। लोग क्या कहेंगे कि निठल्ली है। क्या बोलूं मैं मीडिया से आप लोग (अधिकारी) सिर्फ सैलरी खाने आते हैं। क्या बोलूं, ये लोग आलसी हैं, फूहड़ हैं, जिन्होंने कुर्सियां ली हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र में 1 करोड़ रुपए खर्च नहीं हुए। मैंने मिनिस्ट्री से आप लोगों को लेटर भिजवाए।
मुझे दीजिए एक-एक दिन के लिए ऑफिस
कंगना ने कहा- इतने सारे आप लोग हैं। मुझसे बोलो, मुझे एक एक दिन के लिए ऑफिस मिले, तो ये काम कर दूंगी। तुम लोगों को डरवाने के लिए केंद्र से लेटर भिजवाना पड़ता है कि काम करो, काम करो।
रनौत ने कहा- नेशनल मीडिया में मेरे संसद के तौर पर काम को लेकर मजाक बनाया जा रहा है। इतने निगेटिव प्रचार हो रहा है। लोग रील्स बना रहे हैं। तुम भी इसके बाद भी अपने ऑफिस में बैठकर हंसते हो, हाहाहा- हीरोइन। अगर मैं तुम लोगों की पोल खोलूं, तो इसका क्या असर पड़ेगा। हमारे लोगों पर क्या असर पड़ेगा। मेरे ऑफिस की तो तुम लोग बात ही नहीं सुनते हो।
BDO से मांगी रिपोर्ट
कंगना ने ब्लॉक डेवलपमेंट अधिकारियों (BDO) से देरी को लेकर सवाल किया और खर्च की गई राशि की रिपोर्ट मांगी। कंगना ने कहा- जब मैंने DISHA समिति की बैठकों में MPLADS फंड के बारे में पूछा था, तो मुझे बताया गया था कि कोई अड़चन नहीं है और करीब 90% फंड खर्च हो चुका है। जबकि ये मौजूदा खर्च की रिपोर्ट से बिल्कुल भी मिलता नहीं है।
कंगना ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द पेंडिंग कामों को पूरा किया जाए और MP फंड का इस्तेमाल सही ढंग से किया जाए।

