मंडी त्रासदी से जूझ रहा, सांसद कंगना गायब: कांग्रेस ने जयराम ठाकुर का वीडियो शेयर कर साधा निशाना, एक्ट्रेस ने दिया ये जवाब
Published:
3 min read

मंडी बाढ़: कंगना रनौत की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
एक्ट्रेस और मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने बाढ़ प्रभावित अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा न करने को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें बीजेपी के वरिष्ठ नेता जयराम ठाकुर ने क्षेत्र का दौरा न करने की सलाह दी थी। साथ ही उन्होंने कहा कि वे पार्टी आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद जल्द बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगी।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश में भीषण बारिश के चलते बाढ़ का कहर जारी है। कंगना रनौत के संसदीय क्षेत्र मंडी में भी काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में कांग्रेस ने एक दिन पहले ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा न करने को लेकर उनपर निशाना साधा था।
कंगना के दौरे पर क्या बोले जयराम ठाकुर
कांग्रेस ने बीजेपी नेता जयराम ठाकुर का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें जयराम ठाकुर से पूछा गया था कि मंडी त्रासदी का तीसरा दिन है, लेकिन सांसद कंगना रनौत ने एक सोशल मीडिया पोस्ट तक नहीं किया. हालांकि, प्रधानमंत्री के घाना जाने पर उन्होंने पोस्ट किया. इस पर जयराम रमेश ने जवाब दिया था, मुझे मालूम नहीं है। मैं इस बारे में टिप्पणी नहीं करना चाहता। हम लोग हैं, हम लोग उन लोगों के साथ जीने मरने के लिए तैयार हैं, जिनकी चिंता है। जिनकी नहीं है, मैं उनके बारे में टिप्पणी ही नहीं करना चाहता।
कांग्रेस ने जयराम ठाकुर का ट्वीट कर कहा था, 'सांसद कंगना रनौत को मंडी के लोगों की चिंता नहीं है।' ये बात हम नहीं, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और BJP नेता जयराम ठाकुर कह रहे हैं। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के मंडी में बादल फटने से लोग भीषण त्रासदी से जूझ रहे हैं, लेकिन मंडी की सांसद कंगना रनौत गायब हैं।
कंगना ने दिया जवाब
कांग्रेस की आलोचना के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- 'यह दिल तोड़ने वाला है कि अब हर साल हिमाचल में भयानक बाढ़ से तबाही देखने को मिल रही है। मैंने सिराज और मंडी के अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाने की कोशिश की, लेकिन मुझे विपक्ष के सम्मानित नेता जय राम ठाकुर ने सलाह दी कि मैं तब तक इंतजार करूं जब तक इन क्षेत्रों से संपर्क व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती। आज भी मंडी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। आलाकमान से मंजूरी का इंतजार है। जल्द ही प्रभावित इलाके का दौरा करूंगी।'

भारी बारिश के कारण हिमाचल बेहाल
हिमाचल प्रदेश में 20 जून से 4 जुलाई तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है। मंडी जिले के सेराज विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण 30 लोग लापता हैं और 14 शव बरामद हुए हैं। प्रशासन ने 204 घरों के टूटने की पुष्टि की है. लेकिन ये आंकडा 500 से अधिक हो सकता है।
बादल फटने के बाद मकान, पुल, सड़कें, बिजली के खंभों को भारी नुकसान हुआ है, इससे यातायात भी प्रभावित है।। NDRF, SDRF, सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में लगी हैं। जुलाई 5–9 के लिए हिमाचल में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का रेड अलर्ट जारी किया है।

